जावरा सब्जी मंडी में अव्यवस्थाओं का अंबार : अतिक्रमण से रोज लग रहा जाम, आमजन ने उठाई व्यवस्था सुधारने की मांग

जावरा (अभय सुराणा) । कृषि उपज मंडी परिसर स्थित सब्जी मंडी में इन दिनों अव्यवस्थाओं का आलम बना हुआ है। मंडी समिति द्वारा दुकानों की निर्धारित सीमा के लिए बनाई गई लाइन की अनदेखी करते हुए कई सब्जी व्यापारी खुले मैदान, पार्किंग स्थल और आवागमन के रास्तों तक दुकानें लगाकर अतिक्रमण कर रहे हैं। इससे मंडी परिसर में रोजाना ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है और खरीदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि मंडी के मुख्य प्रवेश द्वार पर भी दुकानों के फैलाव के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही बाधित होने से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं परिसर में फैली गंदगी और अव्यवस्थित व्यवस्था से आम नागरिकों में भी नाराजगी बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडी में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद नियमों का पालन नहीं कराया जा रहा है। यदि मंडी प्रशासन निर्धारित सीमा के भीतर ही दुकानें लगाने के निर्देशों का सख्ती से पालन कराए तो ट्रैफिक और अव्यवस्था की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है।
आमजन और मंडी आने वाले किसानों एवं खरीदारों ने मंडी सचिव एवं प्रशासन से मांग की है कि अतिक्रमण हटाकर पार्किंग और आवागमन के रास्ते खाली कराए जाएं, ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनाई जाए तथा मंडी परिसर में नियमित साफ-सफाई और अनुशासन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound