मध्यप्रदेश में रु. 600 पेंशन पर उठी आवाज, कैलाश चावला बोले-‘विधानसभा में उठवाऊंगा मुद्दा, पेंशन बढ़ाने का करूंगा पूरा प्रयास’

जावरा आगमन पर पूर्व मंत्री कैलाश चावला का भव्य स्वागत, अनिल दसेड़ा ने सौंपा ज्ञापन; विधवा, दिव्यांग और वृद्ध पेंशन रु. 2000 करने तथा हर माह 10 तारीख तक भुगतान की उठाई मांग

जावरा। (अभय सुराणा) । मध्यप्रदेश के पूर्व गृह एवं उद्योग मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य कैलाश चावला के प्रदेश कार्यसमिति में मनोनयन के बाद प्रथम जावरा आगमन पर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल दसेड़ा ने सागर मोती सोनालिका ट्रैक्टर शोरूम पर शाल, श्रीफल एवं पुष्पमाला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर दसेड़ा ने प्रदेश में विधवा, दिव्यांग एवं वृद्धजन पेंशन की राशि बढ़ाने तथा समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि मध्यप्रदेश में वर्तमान में विधवा, दिव्यांग एवं वृद्ध पेंशन मात्र 600 रुपये प्रतिमाह दी जा रही है, जबकि पिछले तीन-चार माह से अनेक हितग्राहियों को यह राशि भी समय पर प्राप्त नहीं हो रही है। इससे हजारों जरूरतमंद परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
अनिल दसेड़ा ने ज्ञापन में विभिन्न राज्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि पश्चिम बंगाल में 2000 रुपये, पंजाब में 1500, हरियाणा में 1200, बिहार में 1100, उत्तराखंड में 1875, दिल्ली में 2500, राजस्थान एवं गुजरात में 1200-1200, उत्तर प्रदेश में 1000, महाराष्ट्र में 2500, केरल में 1600, छत्तीसगढ़ में 1200, आंध्र प्रदेश में 4000, तेलंगाना में 2000, गोवा में 3000 सहित अधिकांश राज्यों में मध्यप्रदेश की तुलना में कहीं अधिक पेंशन दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अधिकांश राज्यों में भाजपा अथवा भाजपा समर्थित सरकारें हैं, ऐसे में मध्यप्रदेश के हितग्राहियों को भी समान सम्मान और सहायता मिलनी चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि मध्यप्रदेश में विधवा, दिव्यांग एवं वृद्ध पेंशन को बढ़ाकर 2000 रुपये प्रतिमाह किया जाए तथा प्रत्येक माह की 10 तारीख तक हितग्राहियों के बैंक खातों में राशि अनिवार्य रूप से हस्तांतरित की जाए।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद पूर्व मंत्री कैलाश चावला ने कहा कि मध्यप्रदेश में अन्य राज्यों की तुलना में पेंशन राशि काफी कम है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे को विधानसभा में प्रभावी ढंग से उठवाऊंगा , ताकि विधवा, दिव्यांग और वृद्धजनों की पेंशन राशि में वृद्धि हो तथा उन्हें समय पर भुगतान मिल सके।
उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है और सरकार तक उनकी आवाज पहुंचाना जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। इस दिशा में वे हरसंभव प्रयास करेंगे।
स्वागत एवं सम्मान समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. दिलीप शाकल्य, बड़ावदा मंडल अध्यक्ष लोकेश शर्मा, पूर्व जिला मंत्री सुनील भावसार, भाजपा नेता रामकिशन धाकड़ (उपलाई), एस.एन. सोलंकी (शुजापुर), आकाश दसेड़ा, यशै धनोतिया आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्वागत के दौरान सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई और जनहित के विषयों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound