आजमपुर डोडिया गांव पहुंचे विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय एवं अपर कलेक्टर श्री रावत

दूषित पेयजल की सूचना पर प्रशासन सक्रिय

रतलाम 18 जुलाई । पिपलोदा तहसील के ग्राम आजमपुर डोडिया में दूषित पेयजल के सेवन की आशंका के चलते कई ग्रामीणों के उल्टी, दस्त एवं बुखार से प्रभावित होने की सूचना मिलते ही प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय एवं अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत ने गांव का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया तथा प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार व्यवस्था की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने उस कुएं का भी अवलोकन किया, जिसके पानी के सेवन से ग्रामीणों के बीमार होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कुएं के पानी की तत्काल जांच कराने तथा पिपलोदा से ट्यूबवेल के माध्यम से गांव में स्वच्छ पेयजल की वैकल्पिक एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर कलेक्टर श्री रावत ने पेयजल स्रोतों, पानी की टंकियों एवं पाइपलाइन की जांच तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पानी के नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में तत्काल चिकित्सा शिविर आयोजित कर चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, आवश्यक दवाइयों का वितरण किया तथा गंभीर मरीजों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। स्वास्थ्य अमले ने घर-घर जाकर सर्वे कर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की भी जांच की।
विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने ग्रामीणों से अपील की कि वे घबराएं नहीं तथा एहतियात के तौर पर पानी को उबालकर ही उपयोग में लें। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी स्थिति पर सतत निगरानी बनाए हुए है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रशासन द्वारा पानी के नमूने प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। वर्तमान में गांव की स्थिति नियंत्रण में है तथा स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound