
सीतामऊ (नयन जैन) । जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक श्रीसंघ सीतामऊ के तत्वावधान में आयोजित होने वाले “आत्म जागृति चातुर्मास 2026” को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। नगर में धर्ममय वातावरण के बीच आज परम पूज्य साध्वी रत्नरिद्धि श्रीजी म.सा. एवं साध्वी रत्नवृद्धि श्रीजी म.सा. का भव्य चातुर्मासिक मंगल प्रवेश संपन्न होगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:30 बजे प्रवचन से होगा, जिसमें साध्वी मंडल धर्म, तप, त्याग एवं आत्मकल्याण पर आधारित प्रेरणादायी उद्बोधन प्रदान करेंगे। इसके पश्चात साधर्मिक वात्सल्य का आयोजन होगा।
चातुर्मासिक मंगल प्रवेश के उपलक्ष्य में भव्य सामैया प्रातः 11:30 बजे शहनाई गार्डन, सुवासरा रोड से प्रारंभ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं, युवक-युवतियां एवं धर्मप्रेमीजन धर्मध्वज और मंगल गीतों के साथ सहभागी बनेंगे। सामैया नगर के प्रमुख मार्गों से होकर आराधना भवन, सदर बाजार पहुंचेगी, जहां साध्वी मंडल का चातुर्मास हेतु भव्य मंगल प्रवेश होगा।
श्रीसंघ द्वारा बताया गया कि चातुर्मास अवधि में नियमित प्रवचन, स्वाध्याय, सामायिक, तप, आराधना, धार्मिक संस्कार एवं विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को धर्म साधना एवं आत्मिक उन्नति का विशेष अवसर प्राप्त होगा। जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक श्रीसंघ के अध्यक्ष डॉ. अरविंद जैन एवं चातुर्मास समिति अध्यक्ष शैलेन्द्र ओस्तवाल ने समाज के समस्त श्रावक श्राविकाओं से मंगल प्रवेश में अधिक संख्या में उपस्थित होकर चातुर्मासिक मंगल प्रवेश को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आत्म जागृति चातुर्मास धर्म, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा तथा समाज में सद्भाव, संयम और आत्मकल्याण का संदेश प्रसारित करेगा।