महावीर कॉलोनी में नाले की गंदगी बनी मुसीबत, गलियों में बह रहा गंदा पानी; रहवासी परेशान

जावरा के वार्ड 15 और 16 के लोगों ने नगर पालिका पर लगाया सफाई में लापरवाही का आरोप, शीघ्र समाधान की मांग
जावरा(अभय सुराणा)। जावरा नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 15 एवं 16 स्थित महावीर कॉलोनी में नाले की नियमित सफाई नहीं होने से क्षेत्र के रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाले का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर गलियों में फैल रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में गंदगी और बदबू का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि महावीर कॉलोनी के नाले की लंबे समय से उचित ढंग से सफाई नहीं कराई गई है। इसके चलते नाला जाम हो गया और गंदा पानी गलियों में बहने लगा। हालात ऐसे हैं कि लोगों का घरों से निकलना और गलियों से गुजरना भी मुश्किल हो गया है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रहवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार नगर पालिका अधिकारियों और कर्मचारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिससे समस्या दिन-प्रतिदिन विकराल होती जा रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही नाले की सफाई नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। गंदे पानी के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
महावीर कॉलोनी के रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि नाले की तत्काल सफाई कराई जाए, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए तथा नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound