
रतलाम। सेवा, परोपकार एवं सहयोग की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से मालवा क्षेत्र, रतलाम में “आदर्श पुरुष महिला एवं बाल बालिका कल्याण संस्था” का गठन किया गया है। संस्था आगामी अगस्त माह से विधिवत अपने जनहित एवं समाजसेवा के कार्यों का संचालन प्रारंभ करेगी।
संस्था की गठन बैठक में सर्वसम्मति से पंडित प्रदीप जोशी को संस्था संयोजक, पंडित ओमप्रकाश ओझा को संस्था अध्यक्ष तथा हेमंत राठोड़ को मुख्य सचिव का दायित्व सौंपा गया।
संस्था का मुख्य उद्देश्य शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सहयोग एवं उचित व्यवस्थाएँ उपलब्ध कराने का प्रयास करना है। इसके साथ ही वर्तमान समय में पीड़ित एवं जरूरतमंद पुरुषों और महिलाओं को संस्था तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें सहयोग दिलाने का कार्य भी प्राथमिकता से किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त संस्था पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण, यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता, सामाजिक समरसता, जनहित एवं लोककल्याण से जुड़े विभिन्न छोटे-बड़े सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ेगी।
वर्तमान में संस्था से पंडित ओमप्रकाश ओझा, पंडित प्रदीप जोशी, निलेश राठोड़, हेमंत राठोड़, राहुल मकवाना, गोपाल शर्मा (भजन गायक), राधेश्याम कसेरा, संजय पांचाल, दीपक, चंद्रप्रकाश, कन्हैयालाल बोड़ाना, बसंतीलाल पाटीदार, सत्यनारायण पांचाल सहित अनेक समाजसेवी एवं मित्रजन जुड़ चुके हैं।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का पंजीयन मध्यप्रदेश शासन के नियमानुसार करवाने की प्रक्रिया प्रचलित है तथा शीघ्र ही इसे विधिवत पंजीकृत कर प्रदेशभर में समाजहित एवं जनकल्याण के कार्यों को गति प्रदान की जाएगी।