रतलाम। मणिधारी दादा गुरुदेव श्रीमद् जिनचन्द्रसूरीजी महाराजा की पावन जयंती 19 सितंबर, शनिवार को हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर श्री जैन श्वेतांबर खरतरगच्छ श्रीसंघ, रतलाम द्वारा विभिन्न धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः 8:30 बजे त्रिपोलिया गेट रोड स्थित आनंद भवन उपाश्रय में नवकारसी के साथ होगी, जो प्रातः 9:30 बजे तक चलेगी। नवकारसी के लाभार्थी श्रीमान शार्दुल सिंह जी सुरेंद्र कुमार जी मेहता परिवार हैं।
इसके पश्चात प्रातः 9:30 बजे आनंद भवन उपाश्रय से भव्य वरघोड़ा निकाला जाएगा, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुनः आनंद भवन उपाश्रय पहुंचेगा। वरघोड़े के समापन पर प्रातः 11:30 बजे दादा गुरुदेव की गुणानुवाद सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें पूज्य गुरुदेव के जीवन-वृत्त व सिद्धांतों पर प्रकाश डाला जाएगा।
दोपहर 1:30 बजे अमृत सागर दादावाड़ी पर विचक्षण महिला मंडल द्वारा मणिधारी दादा गुरुदेव पूजन पढ़ाई जाएगी। पूजन के लाभार्थी स्व. रविन्द्र जी चौरडिया की स्मृति में चौरडिया परिवार हैं। इसी क्रम में प्रातः 11:30 बजे आनंद भवन उपाश्रय में स्वामीवात्सल्य का आयोजन भी रखा गया है, जिसके लाभार्थी श्री जैन श्वेतांबर खरतरगच्छ श्रीसंघ, रतलाम हैं। खरतरगच्छ श्रीसंघ अध्यक्ष अशोक चोपड़ा, सचिव लोकेश लालन तथा राजेंद्र कोठारी ने सकल जैन समाज एवं गुरुभक्तों से समस्त धार्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने व धर्म लाभ लेने की अपील की है।