बैरवा पंचायत रंग कारखाना द्वारा भव्य भजन संध्या आयोजित


रतलाम। बैरवा पंचायत रंग कारखाना, जवाहर नगर द्वारा बाबा रामसा पीर, बाबा रामदेव जी महाराज की भक्ति एवं श्रद्धा को समर्पित भव्य भजन संध्या का आयोजन डॉ. भीमराव आंबेडकर मांगलिक भवन, जवाहर नगर में किया गया। उज्जैन से पधारी भजन मंडली ने बाबा रामदेव जी महाराज के एक से बढक़र एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया तथा देर रात तक भक्ति का समा बांधे रखा।
कार्यक्रम का शुभारंभ बैरवा पंचायत के उपाध्यक्ष स्वर्गीय हेमेंद्र (बंटी) मरमट के देवलोक गमन पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किया गया। उपस्थित सभी समाजजनों एवं श्रद्धालुओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
भजन संध्या में बाबा रामदेव जी महाराज के भजनों ने उपस्थित माताओं-बहनों एवं बाबा के भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रद्धालु पूरे उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ भजनों पर झूमते नजर आए।
इस अवसर पर बैरवा समाज की माताएं-बहनें, समाजजन, बैरवा पंचायत के समस्त सदस्यगण सहित रतलाम जिले की विभिन्न पंचायतों के वरिष्ठ नागरिक एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें पंचायत सी कॉलोनी, पंचायत अनमोल नगर, पंचायत गांधीनगर, पंचायत लक्ष्मणपुर, पंचायत जावरा रोड़-अंबेडकर नगर सहित विभिन्न पंचायतों के गणमान्य नागरिक एवं सदस्यगण विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत के कोषाध्यक्ष मनोज आकोदिया ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी से प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा पर्यावरण को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त रखने की अपील की। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उनके द्वारा बैरवा पंचायत रंग कारखाना के मोनो वाली कपड़े की थैलियों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बैरवा पंचायत अध्यक्ष विनोद रमन द्वारा उज्जैन से पधारी भजन मंडली को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में प्रसादी वितरण किया गया। पंचायत के सचिव प्रेमसिंह चरावंडे ने उपस्थित सभी समाजजनों, पंचायत प्रतिनिधियों, श्रद्धालुओं, भजन मंडली एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
भजन संध्या के माध्यम से बैरवा पंचायत रंग कारखाना द्वारा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, पर्यावरण संरक्षण एवं समाज में आपसी भाईचारे का संदेश भी दिया गया।