गणेश उत्सव के माध्यम से राष्ट्रभावना और सामाजिक एकता का दिया संदेश

रतलाम। सकल हिंदू समाज द्वारा गणेश उत्सव के दौरान रतलाम शहर के लगभग 160 से अधिक गणेश उत्सव पंडालों में भारत माता की सामूहिक आरती की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने सहभागिता कर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना व्यक्त की।
गणेश उत्सव के धार्मिक आयोजन के साथ राष्ट्रभावना, सामाजिक एकता और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया। विभिन्न गणेश पंडालों में श्रद्धालुओं ने एक साथ भारत माता की आरती कर देश की एकता, अखंडता और समृद्धि की कामना की।
सकल हिंदू समाज द्वारा गणेश उत्सव को सामाजिक जागरण एवं राष्ट्रभावना से जोड़ने के लिए 11 दिवसीय कार्ययोजना के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में भारत माता की सामूहिक आरती का आयोजन किया गया।
समिति ने कहा कि गणेश उत्सव केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने, संस्कारों को मजबूत करने और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव जागृत करने का अवसर भी है। भारत माता की सामूहिक आरती के माध्यम से इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।