सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन

रतलाम 24 सितम्बर। श्री शेष नारायण मंदिर भरावा की कुई पर श्री मैढ़ क्षत्रिय मारवाड़ी स्वर्णकार समाज के द्वारा आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है जिसमें भागवताचार्य पं. योगेश्वर शास्त्री द्वारा कथा का श्रवण कराया जा रहा है । कथा प्रतिदिन प्रात: 12 बजे से सायं 5 बजे तक श्रवण कराई जा रही है। कथा अन्तर्गत आज मत्स्य अवतार राजा हरिशचन्द्र की कथा, वामन अवतार, राजा भागीरथ की कथा, सप्त गंगा के अवतरण की कथा का वृतांत सुनाया । रघु महाराज की कथा सुनाते हुए कहा कि रघुवंश रघु महाराज के नाम से ही विख्यात हुआ। देवकी वासुदेव की कथा सुनाते हुए उनके विवाह के बाद उनकी आठो सन्तानों के जन्म का विस्तृत वर्णन किया गया । कथा में आज जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ वैसे ही पूरा पांडाल भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा । श्रीकृष्ण जन्मोत्सव आनंदपूर्वक मनाया गया। संगीतमय भजनों की धुनों पर भक्तजन भाव विभोर होकर नृत्य करने लगे. नंद के आनंद भयो, जय कन्हैयालाल की, सजा दो घर आज मेरे सरकार आए है, तू इतना अच्छा है, तुझे किसी की नजर ना लगे, कृष्ण जन्म भयो आज बधाई गाओ रे, आया सांवरिया सरकार हस्ते-हस्ते आदि भजनों पर भक्तजनों ने भावविभोर होकर नृत्य कर अपनी खुशी जाहिर की।
कथा के प्रारम्भ में पोथी पूजन की गई श्री मेढ़ क्षत्रिय मारवाड़ी स्वर्णकार समाज के पदाधिकारियों द्वारा आरती एवं पोथी पूजन में हिस्सा लेकर धर्म लाभ लिया । अंत में आरती कर प्रसादी वितरण की गई । इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष नवनीत सोनी, संस्थापक संरक्षक मोहनलाल मीडिया, मार्गदर्शक भगवतीलाल जलोतिया, पूर्व अध्यक्ष जगदीश भामा, संजय सोलीवाल, अध्यक्ष गजाधर जांगलवा, अखिलेश सहदेव, महिला मंडल अध्यक्ष कृष्णा देवी मीडिया, लक्की सहदेवड़ा आदि सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।