कलेक्टर ने सैलाना में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सांदीपनि विद्यालय एवं शासकीय कन्या शिक्षा परिसर का निरीक्षण किया





रतलाम 26 सितंबर । मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने सैलाना में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जनजातीय कार्य विभाग के सांदीपनि विद्यालय एवं शासकीय कन्या शिक्षा परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन सहित संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर जताई नाराजगी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों पर असंतोष व्यक्त करते हुए सीएमएचओ को तत्काल प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रियता से कार्य करें। कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होने पर राज्य शासन को प्रतिवेदन भेजकर कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने एंटी वेनम स्टॉक, ओपीडी, वैक्सीन रूम, टीकाकरण सब सेंटर एवं एएनसी रजिस्ट्रेशन की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं की जवाबदेही निर्धारित करने तथा हाई रिस्क प्रेगनेंसी के मामलों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं का पंजीयन समय पर हो तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एवं उपचार उपलब्ध कराया जाए।
विद्यालयों में कक्षाओं के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करें
सांदीपनि विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि नवीन सांदीपनि विद्यालय में शिफ्टिंग के पश्चात पुराने सांदीपनि विद्यालय भवन का उपयोग सुनिश्चित किया जाए। ऐसे चार-पांच विद्यालय, जिनके पास स्वयं के भवन उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें पुराने सांदीपनि विद्यालय में शिफ्ट कर वहां कक्षाओं का संचालन किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को नियमित एवं सुचारु शैक्षणिक सुविधा मिल सके।