
रतलाम 28 सितम्बर । मध्यप्रदेश पीडीएस (PDS) विक्रेता संघ के निर्देशानुसार विक्रेताओं की मांगों को लेकर प्रदेश के सभी जिलों में मुख्यमंत्री जी के नाम अपनी 5 सूत्रीय मांगो को लेकर ज्ञापन दिया गया । इसी तारतम्य में आज रतलाम पीडीएस विक्रेता संघ द्वारा माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नाम तहसीलदार श्रद्धा त्रिवेदी एवं खाद्य आपूर्ति अधिकारी श्रीराम वरडे को ज्ञापन दिया गया ।
ज्ञापन का वाचन करते हुए गोपाल परमार ने कहा कि मध्यप्रदेश के 28 हजार शासकीय उचित मूल्य की दुकानों की वर्षो से लंबित मांगो का समय सीमा में निराकरण हेतु आज प्रदेश संघ के आव्हान पर आज रतलाम विक्रेता संघ द्वारा 5 सूत्रीय मांगो को लेकर ज्ञापन जा रहा है ।
जिसमें प्रमुख मांग :
1. कमीशन में वृद्धि: प्रदेश की सभी राशन दुकानों पर वितरित होने वाले खाद्यान्न का कमीशन बढ़ाकर न्यूनतम 200/- रुपए प्रति क्विंटल किया जाए।
2. न्यूनतम आय की गारंटी: शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सभी राशन दुकानों के विक्रेताओं शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सभी राशन की दुकानों के विक्रेताओं की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उनकी न्यूनतम आय 40,000/- रुपए प्रतिमाह निर्धारित की जाए।
3. शॉर्टेज (क्षतिपूर्ति) का प्रावधान : परिवहन और तौल के दौरान होने वाले खाद्यान्न के नुकसान को ध्यान में रखते हुए, राशन की क्षतिपूर्ति (शॉर्टेज) हेतु प्रति क्विंटल पर 1 किलोग्राम की छूट/क्षतिपूति प्रदान की जाना चाहिए ।
4. भुगतान की समय-सीमा: शहरी एवं ग्रामीण राशन दुकानों को उनके मासिक कमीशन की राशि का अनिवार्य रूप से प्रतिमाह की 05 तारीख तक भुगतान सुनिश्चित किया जाए ताकि विक्रेताओं को आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
5. समितियों को स्पष्ट निर्देश: प्रदेश की सभी सेवा सहकारी समितियों एवं वन समितियों को शासन स्तर से यह कड़े निर्देश जारी किए जाएं कि वे अपने अधीन कार्यरत राशन विक्रेताओं को उनके पारिश्रमिक/कमीशन का समय पर भुगतान करें।
ज्ञापन के अन्त में संगठन ने कहा कि राशन विक्रेता शासन की महत्वपूर्ण कड़ी है। यदि हमारी मांगो का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो विक्रेताओं के लिए दुकानों का संचालन करना असंभव हो जाएगा । अतः: माननीय मुख्यमंत्री जी से ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि वर्षो से लंबित मांगों का शीघ्र से शीघ्र निराकरण किया जावें ।
ज्ञापन देते समय हनीफ भाई, गोविन्द मामा, गुड्डू भाई, हरीश शर्मा, मुकेश जोशी, भेरूलाल गोस्वामी, विजय अरोड़ा, सुखचेन, संजय राव, दिपेश उपाध्याय, अनिल भैया, रंजीत सोनकर, आदिल खिलजी, कन्हैयालाल परिहार, आदि उपस्थित थे।