श्रीमती वर्षाली गुगलिया के सिद्धितप पारणा महोत्सव का हुआ आयोजन

45 दिवसीय कठिन तपस्या पूर्ण होने पर समाजजनों ने की तप की अनुमोदना

रतलाम। श्रीमती वर्षाली गुगलिया द्वारा 45 दिवसीय कठिन सिद्धितप आराधना पूर्ण करने के उपलक्ष्य में सिद्धितप पारणा महोत्सव का आयोजन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ किया गया। महोत्सव का शुभारंभ शांतिनाथ जैन मंदिर, बागड़ो का वास में शासन माता पूजन के साथ हुआ। पूजन के पश्चात वरघोड़ा निकाला गया। इसके बाद आयोजित पारणा महोत्सव में लोकतंत्र सेनानी श्री प्रकाशचंद गुगलिया एवं श्रीमती हीरामणी गुगलिया ने अपनी पुत्रवधू तपस्वी श्रीमती वर्षाली गुगलिया का पारणा उनके माता-पिता श्री रमेशचंद कटारिया एवं श्रीमती चंद्रप्रभा कटारिया के कर-कमलों से करवाया।
कार्यक्रम में उपस्थित रतलाम नगर महापौर श्री प्रहलाद पटेल ने तपस्वी की अनुमोदना करते हुए कहा कि तपस्वी के दर्शन का अवसर मिलना भी सौभाग्य की बात है। गुगलिया परिवार में इस प्रकार की कठिन तप आराधना का अवसर आने पर उन्होंने परिवार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने सिद्धितप जैसे पावन अवसर पर डिस्पोजल का उपयोग नहीं करने की पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
तपस्वी के पति सीए मनीष गुगलिया एवं पुत्र आरव गुगलिया ने बताया कि महापौर जी द्वारा शहर को प्लास्टिक एवं डिस्पोजल मुक्त बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से प्रेरणा लेते हुए पूरे तपोत्सव में डिस्पोजल सामग्री का उपयोग नहीं किया गया। उन्होंने उपस्थित समाजजनों से भी प्लास्टिक एवं डिस्पोजल मुक्त सुंदर रतलाम के उद्देश्य में सहयोग करने का आह्वान किया। भाजपा के पूर्व रतलाम जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान उज्जैन जिला प्रभारी श्री बजरंग पुरोहित ने तपस्वी का बहुमान कर तप की अनुमोदना की।
श्री नागेश्वर पार्श्वनाथ तीर्थ जैन तीर्थ पेढ़ी के सचिव श्री धर्मचंद जैन ने सिद्धितप के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सिद्धितप अत्यंत कठिन तप आराधना है, जो 45 दिनों में पूर्ण होती है तथा इसमें कुल 36 उपवास 9 बियासने किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं तप करना जितना महत्वपूर्ण है, उसी प्रकार तपस्वी के तप की अनुमोदना करना भी पुण्य का कार्य माना गया है।
इस अवसर पर कर सलाहकार परिषद अध्यक्ष अशोक भंडारी, सचिव राकेश भटेवरा, राजेश खाबिया, सीए संदीप मूणत एवं प्रमोद नाहर, संजय लुनिया सहित भाजपा नेता श्री नीलेश गांधी ने उपस्थित होकर तपस्वी के सिद्धितप की अनुमोदना की।
रोटरी क्लब रतलाम प्राइम के अध्यक्ष गौरव ऐरन एवं सचिव विकास छाजेड़ तथा जैन सोशल ग्रुप यूथ के अध्यक्ष राहुल छाजेड़ एवं सचिव श्री अभय लोढ़ा, महिला संघ गोल्ड अध्यक्ष मोना बोरदिया, सुचि लुनिया ने शाल एवं श्रीफल भेंट कर तपस्वी का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, परिजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने तपस्वी के कठिन सिद्धितप की अनुमोदना करते हुए उनके प्रति मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम का संचालन सीए श्वेता जैन एवं सीमा जैन ने किया। स्वामीवात्सल्य की संपूर्ण व्यवस्था का दायित्व श्री महेंद्र भंडारी ने अत्यंत श्रद्धा, समर्पण एवं सुव्यवस्थित रूप से संभाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *