रतलाम के विकास को लेकर प्रभारी मंत्री विजय शाह के समक्ष बजरंग पुरोहित ने रखे अहम सुझाव

पेयजल से अस्पताल तक, बिजली और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने पर दिया जोर

रतलाम । मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री एवं रतलाम जिले के प्रभारी मंत्री कुंवर विजय शाह जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में शामिल होने रतलाम पहुंचे। बैठक में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित ने रतलाम शहर की जनसुविधाओं और विकास से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर सुझाव रखे। उन्होंने पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ आवश्यक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की आवश्यकता बताई।
शहर की पेयजल व्यवस्था को लेकर कनेरी डैम से मोरवानी वाटर फिल्टर प्लांट तक पाइपलाइन की विस्तृत योजना तैयार करने का सुझाव दिया गया। इसमें पाइपलाइन की क्षमता, पंपिंग व्यवस्था, जल शोधन, तकनीकी सर्वे एवं अनुमानित लागत का आकलन समय रहते कराने की आवश्यकता बताई गई। आगामी गर्मी को देखते हुए वैकल्पिक जलस्रोतों की व्यवस्था तथा नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।
रतलाम शहर की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप जलस्रोतों, पाइपलाइन और वितरण व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता भी बताई गई, ताकि गर्मी के मौसम में नागरिकों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
निर्माणाधीन अस्पताल के कार्य को शीघ्र पूरा कराने का सुझाव भी बैठक में रखा गया। निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेकर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने की आवश्यकता बताई गई, जिससे शहर एवं आसपास के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
मेडिकल कॉलेज में मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की आवश्यकता बताई गई। व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण कर कमियों को दूर कराने तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया।
शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर भी सुझाव रखे गए। विभिन्न क्षेत्रों में बंद एवं खराब स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कराने तथा नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई। जिन क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है, वहां सर्वे कर आवश्यकता के अनुसार नई स्ट्रीट लाइट लगाने का सुझाव दिया गया।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति एवं ओवरलोडिंग की समस्या को लेकर संबंधित क्षेत्रों में डीपी की क्षमता और वर्तमान भार की जांच कराने की आवश्यकता बताई गई। आवश्यकता के अनुसार विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के साथ विभिन्न कॉलोनियों एवं रहवासी क्षेत्रों में जहां विद्युत पोल की कमी है, वहां सर्वे कर नए विद्युत पोल लगाने का सुझाव दिया गया।
बैठक के दौरान बजरंग पुरोहित ने प्रभारी मंत्री कुंवर विजय शाह को रतलाम शहर की जनसुविधाओं से जुड़े विषयों को लेकर पत्र भी सौंपा। उन्होंने पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों से आवश्यक कार्यवाही कराने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समयबद्ध कदम उठाने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *