गांधी जयंती पर रतलाम मंडल में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत व्यापक कार्यक्रम

  • रतलाम, उज्जैन, इंदौर सहित प्रमुख स्टेशनों पर निकाली गई स्वच्छता जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक एवं श्रमदान के माध्यम से दिया स्वच्छता का संदेश
  • उज्जै न रेलवे स्टेमशन पर माननीय सांसद सहित अन्यल गणमान्य जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान

रतलाम । पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल पर 17 सितंबर से चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत गांधी जयंती के अवसर पर मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं रेलवे परिसरों में व्यापक स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। रतलाम, उज्जैन, इंदौर, नागदा, नीमच, मंदसौर, चित्तौड़गढ़, देवास, दाहोद, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों, चिकित्सालयों, चिकित्सा इकाइयों, कोचिंग डिपो एवं अनुरक्षण इकाइयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
रतलाम में मंडल कार्यालय के स्टाफ गेट से रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 के कॉनकोर्स क्षेत्र तक स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को मंडल रेल प्रबंधक रतलाम श्री अश्वनी कुमार एवं पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन रतलाम मंडल की अध्यक्षा डॉ. अर्चना शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्काउट एवं गाइड के बच्चों, कर्तव्य फाउंडेशन रतलाम, सिविल डिफेंस रतलाम तथा रेलवे सुरक्षा बल के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने मोटरसाइकिलों के माध्यम से भी स्वच्छता जागरूकता का संदेश दिया। रैली में लगभग 200 से अधिक लोगों ने भाग लिया।
प्लेटफॉर्म नंबर 4 के कॉनकोर्स क्षेत्र में रैली के पहुंचने के बाद मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को स्वच्छता के प्रति सदैव समर्पित रहने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर सिविल डिफेंस रतलाम के सदस्यों एवं स्काउट-गाइड के बच्चों द्वारा स्वच्छता एवं महात्मा गांधी जी के विचारों पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने, स्वच्छता को दैनिक जीवन में अपनाने तथा स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

उज्जैन स्टेशन पर जनप्रतिनिधियों ने लिया स्वच्छता अभियान में भाग
उज्जैन रेलवे स्टेशन पर गांधी जयंती के अवसर पर वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उज्जैन सांसद श्री अनिल फिरोजिया, उज्जैन महापौर श्री मुकेश टटवाल तथा विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा सहित रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। सभी ने स्वच्छता की शपथ लेकर स्टेशन परिसर की स्वच्छता में योगदान दिया तथा स्वच्छता को जनभागीदारी से जन-अभियान बनाने का संदेश दिया।

इंदौर स्टेशन पर रैली, श्रमदान एवं नुक्कड़ नाटक
इंदौर रेलवे स्टेशन पर भी गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता जागरूकता रैली एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सफाई मित्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा इंडेक्स कॉलेज इंदौर के प्रोफेसरों एवं ट्रेनी डॉक्टरों ने सहभागिता की। लगभग 25 सदस्यीय टीम द्वारा स्टेशन परिसर में स्वच्छता जागरूकता पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर लायंस क्लब इंदौर द्वारा स्टेशन परिसर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया।

गांधी जयंती के अवसर पर रतलाम मंडल के विभिन्न स्टेशनों, कार्यालयों एवं कार्यशालाओं में कर्मचारियों, सफाई मित्रों, अधिकारियों तथा स्वयंसेवी संगठनों ने श्रमदान किया। इस दौरान यात्रियों से संवाद, वेंडरों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना, स्वच्छता संबंधी संदेश देना तथा वृक्षारोपण जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से रतलाम मंडल ने स्वच्छता, हरियाली एवं जनभागीदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा स्वच्छ भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *