मालवा नृत्य महोत्सव में रतलाम की आर्या पाटीदार ने जीता तृतीय पुरस्कार

गुरु दीपा शर्मा के ऑनलाइन मार्गदर्शन से मिली बड़ी सफलता

रतलाम । अखिल नटराज अमृतम सांस्कृतिक संघ (अनास इंडिया) द्वारा इंदौर के प्रतिष्ठित आनंद मोहन माथुर सभागृह (विजय नगर) में राष्ट्रीय नृत्य प्रतियोगिता “ऑल इंडिया 23वें कल्चरल नेशनल डांस कॉन्टेस्ट एंड फेस्टिवल” (मालवा नृत्य महोत्सव) का आयोजन किया गया। इस कड़े राष्ट्रीय मुकाबले में रतलाम के श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी की कक्षा तीसरी में अध्यनरत सिद्धिविनायक एक्सटेंशन निवासी धर्मेंद्र रुचि पाटीदार की पुत्री होनहार नन्हीं कलाकार आर्या पाटीदार ने कथक/शास्त्रीय नृत्य विधा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय पुरस्कार हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
विशेष बात यह है कि आर्या पाटीदार किसी बड़े संस्थान में जाकर नहीं, बल्कि अपनी गुरु दीपा शर्मा से पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर नियमित रूप से नृत्य की कठिन बारीकियां सीख रही हैं। गुरु दीपा शर्मा अपने विद्यार्थियों को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय मंचों के योग्य बनाने के लिए अनथक परिश्रम करती हैं। चाहे मंच कोई भी हो या कार्यक्रम कितना भी बड़ा हो, गुरु दीपा शर्मा हर एक बच्चे की तकनीकी शुद्धता, भाव और प्रस्तुति पर व्यक्तिगत रूप से बहुत ध्यान देती हैं। इसी डिजिटल माध्यम से मिली बेहतरीन शिक्षा और गुरु की कड़ी मेहनत का परिणाम है कि आर्या ने देश भर से आए सैकड़ों मंझे हुए प्रतियोगियों के बीच यह विशिष्ट स्थान प्राप्त किया।
विजेता कलाकार आर्या पाटीदार ने अपनी इस बड़ी सफलता का पूरा श्रेय अपनी गुरु दीपा शर्मा के कुशल मार्गदर्शन, उनकी लगन और अपने माता-पिता के सहयोग को दिया है। आर्या की इस शानदार राष्ट्रीय उपलब्धि पर परिजनों, कला प्रेमियों और शुभचिंतकों ने गुरु-शिष्या की इस सफल जोड़ी को बधाई देते हुए आर्या के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *