रतलाम के बाल चिकित्सालय में मानवता की महक : महाराजा अजमीढ़ जी के जन्मोत्सव पर श्रीमद्भागवत गीता पर्व सप्ताह न्यास ने बांटे फल-बिस्किट

बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की, शरद पूर्णिमा पर सेवा का संकल्प, हर पूर्णिमा को होगा फल वितरण

रतलाम । शरद पूर्णिमा की शीतल चांदनी और समाज के आराध्य देव महाराजा अजमीढ़ जी के जन्मोत्सव के पावन अवसर को सेवा और समर्पण के साथ मनाते हुए मध्य प्रदेश शासन से पंजीकृत राज्य स्तरीय प्रतिष्ठित संस्था श्रीमद्भागवत गीता पर्व सप्ताह न्यास ने शहर में मानवता की एक अनूठी मिसाल पेश की। संस्था के पदाधिकारियों ने रविवार को शहर के जिला बाल चिकित्सालय एवं मदर एंड चाइल्ड केयर यूनिट (MCH) में उपचाररत मासूम बच्चों के बीच पहुंचकर फल, फ्रूट और पौष्टिक बिस्किट का वितरण किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती प्रत्येक बच्चे के शीघ्र स्वस्थ होने और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अस्पताल में भर्ती बच्चों के चेहरे पर आई मुस्कान ने पूरे वातावरण को भावुक और आनंदमय बना दिया।कार्यक्रम के दौरान संस्था के संस्थापक सदस्य श्री नवनीत सोनी ने एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा। उन्होंने सभी सदस्यों से आह्वान किया कि मानव सेवा के इस पुनीत कार्य को केवल एक दिन तक सीमित न रखकर प्रतिमाह आने वाली पूर्णिमा पर नियमित रूप से आयोजित किया जाए, ताकि जरूरतमंद बच्चों तक लगातार सहायता पहुंचती रहें। इस जनहितैषी प्रस्ताव को उपस्थित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने करतल ध्वनि के साथ सहर्ष स्वीकार किया और अपनी स्वीकृति प्रदान की।
इस अवसर पर संस्था के सचिव रमेश सोनी ने इस आयोजन की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत गीता पर्व सप्ताह न्यास पिछले 35 वर्षों से अनवरत सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना के लिए कार्य कर रही है। संस्था द्वारा प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान, जरूरतमंद छात्रों को निःशुल्क पाठ्य सामग्री का वितरण तथा प्रतिवर्ष कार्तिक माह में विशाल अन्नकूट महोत्सव एवं महाप्रसादी का आयोजन किया जाता रहा है। यह फल वितरण कार्यक्रम उसी सेवा परंपरा की एक और कड़ी है। इस सेवा कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक अध्यक्ष नवनीत जलोतिया, न्यास अध्यक्ष गजाधर जांगलवा, सचिव रमेश सोनी, उपाध्यक्ष डॉ. दिलीप वर्मा, सह-सचिव शैलेष जलोतिया, कोषाध्यक्ष संजय सोलीवाल, मीडिया प्रभारी राजेश भामा, न्यास के न्यासी एवं वरिष्ठ समाजसेवी भूपेन्द्र मंडावरा, महाराजा अजमीढ़ युवा संस्था मुंबई के जिलाध्यक्ष मुकेश अग्रोया, पूर्व अध्यक्ष राजकुमार बेवाल, न्यासी संजय मांडण (झाबुआ वाले), मोतीलाल मिंडिया सहित बड़ी संख्या में न्यास के पदाधिकारी, न्यासीगण और सदस्यगण उपस्थित रहें। अस्पताल प्रबंधन तथा मौजूद ड्यूटी डॉक्टरों व स्टाफ ने भी संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *