व्हाइट कोट पहनकर चिकित्सा सेवा की यात्रा में आगे बढ़े नवप्रवेशित विद्यार्थी

डॉ. अनिता मूथा के मुख्य आतिथ्य में समारोह आयोजित, ‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित

रतलाम 29 अक्टूबर। डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, रतलाम में गुरुवार को शैक्षणिक सत्र 2026–27 के प्रथम वर्ष एमबीबीएस विद्यार्थियों का व्हाइट कोट समारोह आयोजित किया गया। महाविद्यालय की अधिष्ठाता एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. अनिता मूथा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने व्हाइट कोट धारण किया और चिकित्सा व्यवसाय की गरिमा, नैतिक मूल्यों तथा सेवाभाव के प्रति प्रतिबद्धता की शपथ ली।
कार्यक्रम का शुभारंभ छात्रा सुनिधि सोनी की सरस्वती वंदना से हुआ। समारोह के समन्वयक डॉ. जगदीश हुण्डकरी रहे। विद्यार्थियों हर्षल, पारितोष, वैदिक मिश्रा एवं सुनिधि सोनी ने संचालन की भूमिका निभाई । समारोह के दौरान ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आयोजित चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में नंदिनी बड़गैया एवं प्रज्ञा पाटीदार ने संयुक्त रूप से प्रथम तथा प्रियांशी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में भावना मेवाड़ा प्रथम, अंशिका तंवर द्वितीय तथा सुफिया अली सिद्दीकी तृतीय स्थान पर रहीं। डॉ. अनिता मूथा ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
कार्यक्रम में अस्पताल अधीक्षक डॉ प्रदीप मिश्रा, डॉ. सिंगरौले, डॉ. संजीब दास, डॉ. एस. के. लिखार, डॉ. के. एस. लिखार, डॉ. प्रफुल्ल सोनगरा, डॉ. दीपक नागर सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में डॉ. प्रियंका चौहान ने आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *