सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर रतलाम मंडल में आयोजित होगी ‘रन फॉर यूनिटी’

डीआरएम कार्यालय से रेलवे ग्राउंड तक आयोजित होगी एकता दौड़, अधिकारी एवं कर्मचारी लेंगे भाग

रतलाम, 30 अक्टूबर।* लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा दिनांक 31 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 07:45 बजे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, रतलाम में राष्ट्रीय एकता की शपथ के साथ होगी। इसके पश्चात प्रातः 08:00 बजे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ प्रारंभ होगी, जो रेलवे ग्राउंड, रतलाम पहुंचकर संपन्न होगी। इस कार्यक्रम में मंडल के सभी शाखा अधिकारी एवं रेलकर्मी उत्साहपूर्वक सहभागिता करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करना तथा राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सौहार्द की भावना को मजबूत करना है।
इस आयोजन के माध्यम से रेलकर्मी राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करेंगे तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के एक सशक्त और एकजुट भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *