गोवर्धन पर्व पर सागौद गौशाला में कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने किया गौ-पूजन, उत्कृष्ट पशुपालकों का किया सम्मान

  • गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के विजेताओं को एक लाख, 50 हजार एवं 25 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की
  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण

रतलाम 9 नवंबर । गोवर्धन पर्व के अवसर पर सागौद गौशाला में गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, विधायक श्री मथुरालाल डामोर, महापौर श्री प्रहलाद पटेल, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य श्री प्रदीप उपाध्याय तथा विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने गौ-पूजन किया। कार्यक्रम में गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट पशुपालकों को सम्मानित कर पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर भोपाल के रविंद्र भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया।

उत्कृष्ट पशुपालकों को मिला एक लाख रुपए तक का पुरस्कार
गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत वृंदावन ग्रामों में दुग्ध उत्पादन के आधार पर पशुपालकों के बीच प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालकों को क्रमशः एक लाख रुपए, 50 हजार रुपए एवं 25 हजार रुपए की पुरस्कार राशि तथा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। सभी विजेताओं के बैंक खातों में पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई।

इन पशुपालकों ने प्राप्त किए पुरस्कार
गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत पिपलोदा विकासखंड के वृंदावन ग्राम सुखेड़ा में प्रथम स्थान श्री मुकेश कुमार भेरूलाल परमार (गिर नस्ल), द्वितीय स्थान श्रीमती काजल पति श्री दीपक मौगिया (साहीवाल नस्ल) तथा तृतीय स्थान श्री जीवनलाल पिता श्री बगदीराम (गिर नस्ल) ने प्राप्त किया।
रतलाम विकासखंड के वृंदावन ग्राम बिरमावल में प्रथम स्थान श्री अमृतलाल पाटीदार (साहीवाल नस्ल), द्वितीय स्थान श्री प्रमोद पाटीदार (गिर नस्ल) तथा तृतीय स्थान श्री शंकरलाल सीरवी (मालवी नस्ल) ने प्राप्त किया।
आलोट विकासखंड के वृंदावन ग्राम खामरिया में प्रथम स्थान श्रीमती धरम कुंवर पति श्री देवेंद्र सिंह (गिर नस्ल), द्वितीय स्थान श्री ईश्वर पांडे पिता श्री पुरालाल पांडे (साहीवाल नस्ल) तथा तृतीय स्थान श्रीमती कृष्णा कुंवर पति श्री मांगू सिंह (साहीवाल नस्ल) ने प्राप्त किया।
सैलाना विकासखंड के वृंदावन ग्राम करिया में प्रथम स्थान श्री नंदकिशोर पिता श्री सत्यनारायण पाटीदार (ग्रेडेड साहीवाल), द्वितीय स्थान श्री नंदलाल पिता श्री गोवर्धनलाल पाटीदार (ग्रेडेड साहीवाल) तथा तृतीय स्थान श्री मोहन पिता श्री शोभाराम पाटीदार (ग्रेडेड गिर) ने प्राप्त किया।

पशुपालन और जैविक खेती एक-दूसरे के पूरक : विधायक श्री डामोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री मथुरालाल डामोर ने कहा कि गोवर्धन पूजा के अवसर पर गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के माध्यम से उत्कृष्ट पशुपालकों को प्रोत्साहित करना महत्वपूर्ण पहल है। पशुपालन के माध्यम से गौ-सेवा के साथ खेती में जैविक खाद का उपयोग भी किया जा सकता है। पशुपालन और खेती एक-दूसरे के पूरक हैं तथा दोनों ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर महापौर श्री प्रहलाद पटेल, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल एवं जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य श्री प्रदीप उपाध्याय ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *