वृद्धजनों को उनकी पसंद के पकवान परोसे, महंत आत्मानंद जी सरस्वती के सानिध्य में बुजुर्गों ने फुलझड़ियां,चकरी,अनार, जलाकर मनाया दीपोत्सव




रतलाम। दीपावली का पर्व अपनों के साथ खुशियां बांटने और जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का उजियारा लाने का संदेश देता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए वाघेला गौ सेवा जीव दया समिति द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी नगर के विभिन्न वृद्धाश्रमों में पहुंचकर वृद्धजनों के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया।
समिति द्वारा ईश प्रेम बस्ती, धोलावड़ रोड स्थित कुष्ठ रोगी परिवारों के निवास स्थल, श्री अन्नपूर्णा वृद्धाश्रम, सिलावटों का वास, काटजू नगर स्थित निर्मला भवन वृद्धाश्रम तथा त्रिवेणी स्थित श्री बद्रीनारायण अन्नक्षेत्र में निवासरत वृद्धजनों के लिए विशेष भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। इसमें वृद्धजनों की पसंद को ध्यान में रखते हुए मावे की बेसन चक्की, दही बड़े, अन्नकूट की मिश्रित सब्जी, दाल, चावल, रोटी एवं पूरी सहित विभिन्न पकवान परोसे गए।
समिति प्रमुख दिनेश वाघेला ने बताया कि श्री महंत आत्मानंद जी सरस्वती के सानिध्य में समिति के सदस्यों ने सभी वृद्धाश्रमों में पहुंचकर बुजुर्गों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान वृद्धजनों के हाथों से पटाखे एवं फुलझड़ियां भी छुड़वाई गईं, ताकि अपनों से दूर रह रहे बुजुर्गों को परिवार से बिछड़ने का एहसास न हो और वे भी दीपावली का पर्व अपनेपन और उल्लास के साथ मना सकें। इसके साथ ही गौशालाओं में कार्यरत श्रमिकों को भोजन कराया गया तथा नगर की प्रमुख गौशालाओं में गौमाता को हरा चारा अर्पित कर गोभोज कराया गया। समिति का यह आयोजन सेवा, संवेदना और जीवदया की भावना को समर्पित रहा।
इस पुनीत सेवा कार्य में समिति प्रमुख दिनेश वाघेला, बाबूलाल सिसोदिया, गोविंद सिंह शेखावत, कैलाश सोमानी, महावीर सिंह शक्तावत, रामबाबू यादव, अशोक तिवारी, राजकुमार पंजाबी, गौरव शर्मा सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा। महिला मंडल प्रमुख श्रीमती श्यामा वाघेला के साथ शकुंतला सिसोदिया, आशा भट्ट, महिमा मकवाना, रेखा शर्मा, माला सिसोदिया, शिवानी शर्मा, रिमझिम सिसोदिया सहित महिला मंडल की सदस्यों ने भी आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई।