भगवान श्रीकृष्ण को लगाया 56 प्रकार के व्यंजनों का महाभोग, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी


रतलाम। गीता मंदिर रोड स्थित श्री गीता मंदिर में सोमवार, 9 नवंबर को गीता मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में अन्नकूट महोत्सव एवं छप्पन भोग का आयोजन धार्मिक श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को 56 प्रकार के विभिन्न व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। दोपहर 12 बजे आरती एवं महाभोग संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तजन शामिल हुए।
आरती के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए अन्नकूट महाप्रसादी एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जो दोपहर 3 बजे तक चला। इस दौरान भक्तों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर प्रसादी ग्रहण की और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर धर्म लाभ लिया। संपूर्ण आयोजन भक्तिमय वातावरण एवं गरिमामय उपस्थिति के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
छप्पन भोग की पौराणिक मान्यता
भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग अर्पित करने की परंपरा का संबंध गोवर्धन पर्वत की पौराणिक कथा से जुड़ा हुआ है। मान्यता के अनुसार, जब देवराज इंद्र के प्रकोप से ब्रज में मूसलाधार वर्षा होने लगी, तब भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों की रक्षा के लिए अपनी कनिष्ठ अंगुली पर गोवर्धन पर्वत धारण किया था। भगवान श्रीकृष्ण लगातार सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत उठाए खड़े रहे। इस दौरान उन्होंने अन्न-जल ग्रहण नहीं किया।
पौराणिक कथा के अनुसार, माता यशोदा प्रतिदिन बालकृष्ण को आठ पहर भोजन कराती थीं। सात दिनों तक भोजन नहीं करने के कारण आठ पहर के हिसाब से 7 गुणा 8 अर्थात 56 व्यंजन तैयार कर भगवान को अर्पित किए गए। तभी से छप्पन भोग की परंपरा प्रचलित हुई, जो भगवान के प्रति भक्तों के प्रेम, श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक मानी जाती है।
अन्नकूट महोत्सव में गीता मंदिर ट्रस्ट के सुनील खारीवाल, सुभाष उपाध्याय, संजय व्यास , पवन मजावदिया, बाबूलाल चौधरी,हरीश रत्नावत, सत्यनारायण मंत्री, बंसीलाल मजावादिया समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य, महिला मंडल की पदाधिकारी एवं सदस्य तथा क्षेत्र के धर्मप्रेमी नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।