विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के निवास पर मनाया जन्मदिन, अनिल धारीवाल और सजी वर्गीस ने पवन मोदी के नाम का किया समर्थन, वरिष्ठ पदाधिकारियों की पहल से बनी सर्वसम्मति

जावरा (अभय सुराणा)। लायन्स क्लब जावरा ने क्लब के वरिष्ठ सदस्य एवं जावरा विधायक ला. डॉ. राजेन्द्र पांडेय का जन्मदिन उनके निवास पर पहुंचकर हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया। इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुष्पमालाओं से उनका स्वागत-सम्मान किया और मिठाई खिलाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। समारोह में खुशियों के इस अवसर पर संगठनात्मक एकता की भी अनूठी मिसाल देखने को मिली। डिस्ट्रिक्ट 3233 G-1 के द्वितीय डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए दावेदारी कर रहे तीन सदस्यों के बीच आपसी सहमति बनाते हुए एम.जे.एफ. ला. पवन मोदी के नाम पर सर्वसम्मति से समर्थन दिया गया।

22 हजार से अधिक लायन सदस्यों वाले मल्टीपल में जावरा का गौरव
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के 22 हजार से अधिक लायन सदस्यों वाले लायन्स मल्टीपल में जावरा विधायक ला. डॉ. राजेन्द्र पांडेय एकमात्र ऐसे लायन सदस्य हैं, जो विधायक पद पर आसीन हैं। यह उपलब्धि लायन्स क्लब जावरा के साथ पूरे मल्टीपल के लिए गौरव का विषय है। क्लब सदस्यों ने उनके जन्मदिन पर आत्मीय स्वागत कर उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

तीन दावेदारों के बीच वरिष्ठजनों ने बनाया समन्वय*
जन्मदिन समारोह के दौरान क्लब अध्यक्ष ला. सुधीर जैन की अध्यक्षता एवं सचिव ला. संदीप रांका की विशेष उपस्थिति में संगठन से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। डिस्ट्रिक्ट 3233 G-1 के द्वितीय डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए एम.जे.एफ. ला. अनिल धारीवाल, एम.जे.एफ. ला. पवन मोदी और ला. सजी वर्गीस दावेदारी कर रहे थे।
तीनों के बीच सहमति बनाने के लिए विधायक ला. डॉ. राजेन्द्र पांडेय, रीजन चेयरमैन एम.जे.एफ. ला. डॉ. शैलेन्द्र पांडेय तथा वरिष्ठ पूर्वाध्यक्ष ला. राकेश एम. कोचट्टा ने विशेष प्रयास किए। वरिष्ठजनों ने संगठन की एकता, आपसी समन्वय और सेवा कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सभी से एक नाम पर सहमति बनाने का आग्रह किया।

अनिल धारीवाल और सजी वर्गीस ने दिया समर्थन
वरिष्ठ पदाधिकारियों के आग्रह का सम्मान करते हुए एम.जे.एफ. ला. अनिल धारीवाल एवं ला. सजी वर्गीस ने आपसी सहमति से एम.जे.एफ. ला. पवन मोदी के नाम का पूर्ण समर्थन किया। दोनों सदस्यों की इस पहल से द्वितीय डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए पवन मोदी के नाम पर सर्वसम्मति बन गई। इस निर्णय से उपस्थित सदस्यों में हर्ष का माहौल छा गया। इस अवसर पर विधायक ला. डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने पवन मोदी को पुष्पमाला पहनाकर शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पवन मोदी ने जताया सभी का आभार
सर्वसम्मति बनने पर ला. पवन मोदी ने सभी वरिष्ठजनों और क्लब सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने ला. अनिल धारीवाल एवं ला. सजी वर्गीस का मुंह मीठा कराकर उनके सहयोग और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही विश्वास दिलाया कि वे भविष्य में सभी साथियों को साथ लेकर पूर्ण सहयोग, समर्पण और सेवा भावना के साथ संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष ला. सुधीर जैन, सचिव ला. संदीप रांका सहित वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। समारोह ने जन्मदिन की खुशियों के साथ संगठन में आपसी सद्भाव, सहयोग और एकजुटता का संदेश भी दिया। उक्त जानकारी लायन्स क्लब जावरा के सचिव ला. संदीप रांका एवं कोषाध्यक्ष विपिन चौरडिया ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *