विद्यालयों एवं छात्रावासों में होंगे विशेष आयोजन
रतलाम 12 नवंबर । जनजातीय गौरव दिवस 15 नवंबर को मनाया जाएगा, जिसमें भगवान बिरसा मुंडा की गौरवगाथा एवं देश के प्रति जनजातीय नायकों के योगदान का स्मरण किया जाएगा । जनजाती कार्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल, छात्रावास, आश्रम, विशिष्ट विद्यालयों में इस दिन विशेष आयोजन होंगे, जिसमें भगवान बिरसा मुंडा की गौरवगाथा विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी।
उक्त जानकारी देते हुए जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त श्रीमती प्रियंका राय ने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस पर विकासखंड स्तरीय आयोजन होगा, जिसमें डही जिला धार में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन का वेबकास्ट के माध्यम से सीधा प्रसारण होगा। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित प्रत्येक जनजातीय छात्रावास एवं आश्रम का 16 एवं 17 नवंबर को जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जाएगा। छात्रावास में निवासरत विद्यार्थियों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था होगी। जिन संस्थाओं में छात्रावास दिवस पर पालक शिक्षक संघ की बैठक आयोजित नहीं हुई है, उनमें पालक शिक्षक संघ की बैठकों का आयोजन भी किया जाएगा। 16 से 18 नवंबर तक विभाग द्वारा संचालित समस्त विद्यालयों में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजन होंगे , जिसमें भगवान बिरसा मुंडा के योगदान पर केंद्रित विषय पर जनजातीय नृत्य , नाटक, संगीत, रंगोली, चित्रकला, निबंध , भाषण एवं अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी । 18 से 20 नवंबर तक जनजातीय विकासखंड स्तर पर स्थानीय रूप से चयनित ग्रामों में जनजातीय गौरव चौपाल का आयोजन किया जाएगा । उन्होंने जिले के समस्त विद्यालय के प्राचार्यों एवं छात्रावास, आश्रमों के अधीक्षकों को शासन के निर्देशानुसार आयोजन करने के निर्देश दिए हैं।