हुसैन टेकरी शरीफ के चेहल्लुम पर उमड़ता है हजारों जायरीनों का हुजूम, स्टेशन पहुंच मार्ग और संकरा होने की आशंका


जावरा (अभय सुराणा) । रेलवे स्टेशन जावरा पहुंच मार्ग पर सड़क से बिल्कुल सटाकर बगीचे की बाउंड्रीवाल एवं रेलिंग बनाए जाने को लेकर जनहित और यात्री सुरक्षा का मुद्दा सामने आया है। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के जिला अध्यक्ष राजकुमार हरण ने इस संबंध में पश्चिम रेलवे, रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को पत्र भेजकर निर्माण कार्य का पुनः निरीक्षण करवाने तथा बगीचे की बाउंड्रीवाल को सड़क से उचित दूरी पर पीछे हटाने की मांग की है।
पत्र में बताया गया है कि रेलवे स्टेशन मार्ग पर बगीचे का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन इसकी बाउंड्रीवाल एवं रेलिंग सड़क से बिल्कुल सटाकर बनाई जा रही है। यहां तक कि सड़क किनारे लगा स्ट्रीट लाइट का खंभा भी बगीचे की सीमा के अंदर आ गया है। इससे पहले से संकरे स्टेशन मार्ग की चौड़ाई और कम होने की आशंका है।
हरण ने डीआरएम का ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि जावरा में हुसैन टेकरी शरीफ के चेहल्लुम एवं प्रमुख धार्मिक अवसरों तथा त्योहारों के दौरान प्रतिदिन हजारों की संख्या में जायरीन और रेल यात्री इस मार्ग से आवागमन करते हैं। ऐसे अवसरों पर पहले से ही यातायात का भारी दबाव रहता है तथा कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। संकरा मार्ग होने के कारण यात्रियों एवं वाहनों को रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में भी परेशानी होती है।
उन्होंने आशंका जताई कि यदि बाउंड्रीवाल एवं रेलिंग का निर्माण वर्तमान स्थिति में ही पूरा कर दिया गया तो भविष्य में यातायात की समस्या और गंभीर हो सकती है। इससे आम नागरिकों, रेल यात्रियों, वाहन चालकों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो सकती है।
समय रहते हो सुधार, निर्माण पूरा होने के बाद न हो परेशानी
राजकुमार हरण ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य पूर्ण होने से पहले स्थल का तकनीकी निरीक्षण करवाया जाए। बगीचे की बाउंड्रीवाल एवं रेलिंग को सड़क से उचित दूरी पर पीछे हटाया जाए, स्ट्रीट लाइट के खंभे को सुरक्षित स्थान पर स्थापित किया जाए तथा रेलवे स्टेशन पहुंच मार्ग को पर्याप्त चौड़ा रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही निरीक्षण एवं निर्णय होने तक सड़क से सटाकर किए जा रहे निर्माण कार्य को रोकने का भी अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा कि यह मामला किसी व्यक्तिगत सुविधा का नहीं, बल्कि हजारों रेल यात्रियों, जायरीनों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन से जुड़ा हुआ है। रेलवे प्रशासन को चाहिए कि भविष्य में किसी दुर्घटना अथवा गंभीर यातायात समस्या की स्थिति उत्पन्न होने से पहले ही जनहित में उचित निर्णय लेकर आवश्यक सुधार करवाए।
राजकुमार हरण ने उम्मीद जताई कि डीआरएम इस गंभीर विषय को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल स्थल निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश प्रदान करेंगे।