नेपाल ग्राम में शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए 60 दिवसीय विशेष अभियान चलेगा

रतलाम 14 नवंबर । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रतलाम द्वारा 14 से 20 नवंबर तक न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न विधिक जागरूकता एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आगामी 12 दिसंबर को नेशनल लोक अदालत के साथ स्थायी निरंतर लोक अदालत एवं जनोपयोगी लोक अदालत का आयोजन भी किया जाएगा।
इसी क्रम में 14 नवंबर को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के एडीआर सेंटर में पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। इसमें न्यायोत्सव सप्ताह के कार्यक्रमों, नेशनल लोक अदालत तथा विधिक सेवा गतिविधियों की जानकारी दी गई।
नेपाल ग्राम में चलेगा 60 दिवसीय विशेष अभियान
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार रतलाम जिले के ग्राम नेपाल, जो ग्राम पंचायत गोपालपुरा के अंतर्गत आता है, को चिह्नित किया गया है। ग्राम के पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के सहयोग से 60 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा।
बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सहायता
पत्रकारवार्ता में सचिव एवं जिला न्यायाधीश श्री संजीव कटारे ने बंदी कल्याण संबंधी गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि सचिव द्वारा प्रत्येक सप्ताह तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा प्रत्येक माह जिले की तीनों जेलों का निरीक्षण किया जाता है। इस दौरान जेलों में निरुद्ध बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। बढ़ते बाल अपराधों की रोकथाम के विषय पर भी चर्चा की गई।
15 नवंबर को निकाली जाएगी विधिक जागरूकता मैराथन
न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत 15 नवंबर को कानूनी जागरूकता के लिए मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी। जिला न्यायालय रतलाम के गेट नंबर-2 से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया जाएगा।
मैराथन नगर निगम, जिला चिकित्सालय, लोकेन्द्र टॉकीज, न्यू रोड, दो बत्ती, सज्जन सिंह स्टेच्यू, एसबीआई चौराहा होते हुए अधिवक्ता संघ के चैंबर से जिला न्यायालय पहुंचकर संपन्न होगी। इसमें न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, विधि महाविद्यालय के विद्यार्थी, विद्यालयीन छात्र-छात्राएं, पैरालीगल वालंटियर्स (अधिकार मित्र), लीगल एड डिफेंस काउंसलर्स (न्याय रक्षक) एवं आम नागरिक शामिल होंगे।
बच्चों के लिए 14 से 27 नवंबर तक विशेष जागरूकता अभियान
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 14 से 27 नवंबर तक बच्चों, विशेषकर 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लिए 15 दिवसीय जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, तहसील विधिक सेवा समितियों एवं डॉन इकाइयों के माध्यम से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य बच्चों में कानूनी जागरूकता बढ़ाना, सहायता की आवश्यकता वाले बच्चों की शीघ्र पहचान करना तथा उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है।
पत्रकारवार्ता में जिला विधिक सहायता अधिकारी सुश्री पूनम तिवारी, जनसंपर्क अधिकारी श्री ईश्वर चौहान सहित पत्रकारगण उपस्थित रहे।