रेडक्रॉस सोसाइटी जिला रतलाम एवं जूनियर रेडक्रॉस द्वारा उत्कृष्ट विद्यालय में नशा मुक्ति अभियान के तहत दिलाई शपथ, जागरूकता रैली निकाली

रतलाम । देश के प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी के नशा मुक्ति अभियान के तहत बाल दिवस के अवसर पर रेड क्रॉस जिला जूनियर रेडक्रॉस के तत्वावधान में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रतलाम में नशामुक्ति जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा उन्हें स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य एवं जिला जूनियर रेडक्रॉस सचिव श्री सुभाष कुमावत ने समस्त विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। अपने उद्बोधन में श्री कुमावत ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में नशामुक्त भारत के संकल्प को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने युवाओं की ऊर्जा, क्षमता और सकारात्मक सोच को विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति बताया है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हमारा युवा स्वस्थ, शिक्षित, संस्कारवान और नशामुक्त होगा।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें तथा अपने मित्रों, परिवार और समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, भविष्य और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। अतः नशामुक्ति केवल व्यक्तिगत संकल्प नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
शपथ ग्रहण के पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों ने नशामुक्ति के समर्थन में प्रभावशाली नारे लगाते हुए जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव श्री मानस पुरोहित, कोषाध्यक्ष श्री संजय लुनिया, समिति सदस्य श्री राजेश रांका एवं श्री दिनेश बरमेचा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अभियान की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक श्री आर.सी. पांचाल, श्री शरद कुमार शर्मा, श्रीमती माया मौर्य, डॉ. ललित मेहता, श्रीमती अर्चना टाक एवं श्रीमती रीना कोठारी सहित विद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प विकसित करने का संदेश दिया गया। “नशे को ना, जीवन को हाँ—स्वस्थ युवा, सशक्त भारत, नशामुक्त भारत।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *