अधिवक्ता राकेश गुप्ता के नेत्रदान से दो लोगों के जीवन में आएगा उजियारा

परिजनों ने दुःख की घड़ी में लिया मानवता की सेवा का संकल्प, नेत्रम संस्था के प्रयास से संपन्न हुआ नेत्रदान

रतलाम। किसी अपने के चले जाने का दुःख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता, लेकिन इसी कठिन समय में यदि परिवार मानवता और समाजसेवा का निर्णय ले, तो वह निर्णय दिवंगत व्यक्ति की स्मृति को हमेशा के लिए अमर बना देता है।
ऐसा ही प्रेरणादायक उदाहरण कस्तूरबा नगर निवासी स्वर्गीय गोवर्धनलाल जी गुप्ता (अधिवक्ता) के पुत्र अधिवक्ता राकेश गुप्ता के आकस्मिक निधन के पश्चात देखने को मिला। दुःख की इस घड़ी में परिजनों ने नेत्रदान की सहमति देकर यह संदेश दिया कि मृत्यु के बाद भी किसी के जीवन में उजाला लाया जा सकता है।
नेत्रम संस्था के यशवंत पावेचा ने परिजनों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया। इस पर उनके पुत्र अंशुल गुप्ता, आदित्य गुप्ता एवं अन्य परिजनों ने सहमति प्रदान की। परिवार के इस पुनीत निर्णय से स्वर्गीय राकेश गुप्ता की स्मृति मानव सेवा और समाज कल्याण से सदैव जुड़ी रहेगी। नेत्रम संस्था के हेमंत मूणत ने बताया कि नेत्रदान की सहमति मिलते ही डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडे मेडिकल कॉलेज, रतलाम की डीन डॉ. अनीता मुथा को सूचना दी गई। उनके निर्देशन में नेत्र विभागाध्यक्ष डॉ. रिशेन्द्र सिसोदिया के नेतृत्व में डॉ. विष्णुदत्त एवं नर्सिंग ऑफिसर विनोद कुशवाहा ने नेत्रदान की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई।
इस सेवा कार्य में नेत्रम संस्था के यशवंत पावेचा एवं सुशील मीनू माथुर ने अपने निजी वाहन से मेडिकल टीम को दिवंगत के निवास तक पहुंचाने तथा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद मेडिकल कॉलेज वापस पहुंचाने की व्यवस्था की।
नेत्रदान के समय शलभ अग्रवाल, शिवम माथुर, यशवंत पावेचा एवं सुशील मीनू माथुर उपस्थित रहे। नेत्रम संस्था की अपील: आमजन से आग्रह है कि मृत्यु के बाद नेत्रदान का संकल्प लेकर इस महान मानवीय अभियान से जुड़ें। आपका नेत्रदान दो दृष्टिहीन व्यक्तियों के जीवन में रोशनी ला सकता है। याद रखें — आपकी आँखें किसी की नई सुबह बन सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *