श्रमण संस्कृति के महाश्रमण पट्टाचार्य विशुद्ध सागर जी महाराज

(दीक्षा दिवस पर विशेष)
डॉ जैनेंद्र जैन, राजेश जैन दद्दू

श्रमण संस्कृति के महाश्रमण पट्टाचार्य श्री विशुद्ध सागर जी महाराज का आज 35 वां दीक्षा दिवस है,यह केवल एक तिथि नहीं है, बल्कि त्याग, तप, संयम और आत्म शुद्धि की उस महायात्रा का पावन स्मरण है, जिसने हजारों जीवों के जीवन को दिशा दी है और जैन धर्म की शाश्वत परम्परा को एक बार फिर जन-जन के हृदय में प्रतिष्ठित किया है। पैंतीस वर्ष पूर्व जिस घड़ी में आचार्य श्री ने गृहस्थ जीवन की समस्त मोह-माया, वैभव और बंधनों को त्यागकर दीक्षा ग्रहण की थी, वह घड़ी श्रमण संस्कृति के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित हो गई, क्योंकि उस दिन एक आत्मा ने स्वयं को मोक्ष मार्ग के लिए एवं एक संत ने अपने जीवन को समस्त प्राणियों के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया था। आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी का समूचा जीवन ही एक जीवंत ग्रंथ है,उनका मौन भी प्रवचन है, उनकी दृष्टि भी उपदेश है और उनका विहार भी एक तपस्या है। वे पिच्छिका और कमंडलु के साथ चलते हैं, पर उनके साथ चलती है करुणा की शीतल छाया, अहिंसा की अमृत धारा और सत्य की अडिग ज्योति। उनके चरण जहां-जहां पड़े, वहां-वहां धर्म की सुगंध फैली, वहां-वहां श्रावकों के हृदय में भक्ति का कमल खिला और वहां-वहां समाज ने अपने भीतर झांककर आत्मशुद्धि का संकल्प लिया। 35 वर्षों की यह दीक्षा यात्रा केवल वर्षों की गिनती नहीं है, यह पैंतीस वर्षों का अनवरत तप और अनवरत मौन साधना एवं स्वाध्याय है,।आचार्य श्री ने अपने प्रवचनों से न केवल शास्त्रों की गूढ़ता को सरल भाषा में समझाया है, बल्कि आधुनिक जीवन की भागदौड़ में भटके हुए मनुष्य को यह भी सिखाया है कि सच्चा सुख बाहर नहीं, भीतर है, सच्ची शांति संग्रह में नहीं, त्याग में है और सच्ची संपत्ति धन में नहीं, धर्म में है। उनका संदेश है कि पहले मन,वाणी एवं अपने जीवन को विशुद्ध करो, तभी आत्मा अपने शुद्ध स्वरूप को प्राप्त करेगी। इस पावन दीक्षा दिवस पर समस्त जैन समाज, समस्त श्रावक- श्राविकाएं, मुनि संघ और संत समाज श्रद्धा से नतमस्तक होकर कोटिश: नमोस्तु, नमोस्तु, नमोस्तु का उद्घोष कर रहा है। हर मुख पर एक ही भाव है कि हे गुरुदेव, आपकी दीक्षा की यह ज्योति युगों-युगो तक प्रज्वलित होती रहे और आपका आशीर्वाद हम सब पर सदैव बना रहे।आपका विहार निर्बाध हो और आपका रत्नत्रय सदैव उत्तम और कुशल मंगल रहे एवं आपकी आगम अनुकूल विशुद्ध वाणी से यह संसार सदा आलोकित होता रहे। आपके दीक्षा दिवस पर हम नमोस्तु करते हुए यह संकल्प लेते हैं कि हम आपके बताए हुए मार्ग पर चलते हुए अहिंसा को जीवन में उतारेंगे, और सत्य को वाणी में एवं संयम को आचरण में लाएंगे, यही आपके चरणों में हमारी सच्ची भक्ति और दीक्षा दिवस पर सच्ची विनयांजलि होगी। हम हैं आपकी चर्या ज्ञान एवं आपके गुणों से प्रभावित चरण सेवी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *