ठंड को देखते हुए थैलेसीमिया, सिकल सेल एवं हीमोफीलिया बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार पर विशेष ध्यान

रतलाम। ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए थैलेसीमिया, सिकल सेल एवं हीमोफीलिया से पीड़ित बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के उद्देश्य से काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सचिव एवं मध्य प्रदेश थैलेसीमिया जन जागरण समिति के मार्गदर्शक गोविंद काकानी तथा समिति की उपाध्यक्ष एवं थैलेसीमिया योद्धा वर्षा पवार द्वारा जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य संबंधी पहल की गई।
इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. अखंड प्रताप सिंह, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. भरत निनामा, डॉ. अभिनव जैन, डॉ. भागवत मुंडे एवं जिला चिकित्सालय के अस्थि रोग विभाग के सहयोगियों के सहयोग से थैलेसीमिया योद्धा वर्षा पवार का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आवश्यकता अनुसार एक्स-रे भी करवाया गया तथा चिकित्सकीय परामर्श के बाद जिला चिकित्सालय से आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर अन्य मरीजों एवं उनके परिजनों को भी ठंड के मौसम में विशेष सावधानी बरतने, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करने तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार लेने की जानकारी दी गई।
गोविंद काकानी एवं वर्षा पवार ने कहा कि थैलेसीमिया, सिकल सेल एवं हीमोफीलिया से पीड़ित बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित देखभाल बेहद आवश्यक है। मौसम में बदलाव एवं ठंड के दौरान बच्चों की परेशानी बढ़ सकती है, इसलिए समय पर परीक्षण, उचित उपचार और जागरूकता के माध्यम से उनके स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के लिए सभी को सजग रहना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *