
रतलाम 21 नवंबर । शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, रतलाम में शनिवार को दीक्षांत समारोह 2026 का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम अध्यक्षा माननीय श्रीमती मनीषा शर्मा, पार्षद श्रीमती देवश्री पुरोहित, सीएसपी श्री सत्येंद्र घनघौरीया एवं लघु उद्योग भारती के संयोजक एवं उद्योगपति श्री संदीप सकलेचा विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। संस्था के प्राचार्य द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास का विशेष महत्व है। आईटीआई से प्राप्त व्यावसायिक प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को अपने कौशल का निरंतर विकास करने तथा उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सभी प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अपने हुनर, मेहनत और लगन के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रगान के पश्चात माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया। इसमें कौशल विकास, रोजगार एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर उद्योग जगत की ओर से उपस्थित लघु उद्योग भारती के संयोजक एवं उद्योगपति श्री संदीप सकलेचा ने अपने उद्बोधन में लघु उद्योग भारती की गतिविधियों एवं भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि हम लघु उद्योग भारती के सानिध्य में कार्य कर रहे हैं। यह संगठन देश के लघु एवं मध्यम उद्योगों की समस्याओं के निराकरण तथा उनके विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उद्योगों के संचालन के दौरान आने वाली विभिन्न व्यावहारिक एवं नीतिगत कठिनाइयों को संगठन के माध्यम से सरकार तक पहुंचाया जाता है तथा सरकार के सहयोग से आवश्यक संशोधन करवाकर उन समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने आगे कहा कि लघु उद्योग भारती केवल स्थापित उद्योगों की समस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं है, बल्कि नए उद्योग स्थापित करने के इच्छुक युवाओं एवं उद्यमियों को भी प्रोत्साहित करती है। इसके लिए संगठन द्वारा समय-समय पर एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम, प्रशिक्षण शिविर एवं विभिन्न मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि नए उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने एवं सफलतापूर्वक संचालित करने की जानकारी मिल सके। लघु उद्योग भारती देश में लघु एवं मध्यम उद्योगों के हितों के लिए समर्पित राष्ट्रीय संगठन है, जो उद्योगों की समस्याओं को सरकार एवं संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए निरंतर कार्य करता है।
श्री सकलेचा ने कहा कि आज माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी एवं रतलाम के लोकप्रिय कैबिनेट मंत्री माननीय श्री चेतन्य काश्यप जी के मार्गदर्शन एवं प्रयासों से उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि रतलाम के लोकप्रिय कैबिनेट मंत्री माननीय श्री चेतन्य काश्यप जी उद्योगों के विकास एवं उद्योगपतियों की समस्याओं के निराकरण के लिए दिन-रात प्रयासरत रहते हैं। वे स्वयं उद्योग जगत से जुड़े हैं और एक उद्योगपति होने के नाते उद्योगों की व्यावहारिक कठिनाइयों, उनकी आवश्यकताओं तथा राष्ट्र के आर्थिक विकास में उद्योगों के महत्वपूर्ण योगदान को भली-भांति समझते हैं। यही कारण है कि वे सदैव उद्योगपतियों के साथ खड़े रहते हैं, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हैं तथा उनके निराकरण के लिए उचित मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करते हैं।
श्री सकलेचा ने आगे कहा कि रतलाम में औद्योगिक विकास को नई गति देने तथा बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट को धरातल पर लाने में माननीय श्री चेतन्य काश्यप जी के प्रयास महत्वपूर्ण रहे हैं। उनके निरंतर प्रयासों एवं सहयोग से रतलाम को औद्योगिक क्षेत्र में नई पहचान मिल रही है। इससे नए उद्योगों की स्थापना, निवेश एवं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों के नए द्वार खुल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार, उद्योग जगत एवं औद्योगिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से ही प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अपील की कि वे अपने तकनीकी कौशल को मजबूत बनाएं, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें तथा नौकरी के साथ-साथ भविष्य में स्वयं का उद्यम स्थापित करने के बारे में भी सोचें। आज उद्योग जगत में महिलाओं के लिए भी अनेक संभावनाएं हैं। कुशल प्रशिक्षण एवं मेहनत के बल पर वे न केवल अपने लिए रोजगार के अवसर बना सकती हैं, बल्कि भविष्य में अन्य लोगों को भी रोजगार देने वाली उद्यमी बन सकती हैं।
संस्था के प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण प्रदान करना नहीं, बल्कि बालिकाओं को तकनीकी रूप से दक्ष, आत्मनिर्भर एवं रोजगार के योग्य बनाना है। उन्होंने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से प्रशिक्षणार्थियों को अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सहयोग करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य द्वारा सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह को सफल बनाने में संस्था के समस्त प्रशिक्षण अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।