
रतलाम । राजीव गांधी विश्वविद्यालय द्वारा सागर में आयोजित राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सृजन महाविद्यालय, रतलाम के विद्यार्थी हर्षवर्धन सिंह डोडिया पिता कमल सिंह डोडिया ने हाई जंप स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) प्राप्त किया। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के साथ ही उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
विद्यार्थी की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर संस्था अध्यक्ष श्री अनिल झालानी ने हर्षवर्धन को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जिंदल यादव, डीन डॉ इम्तियाज़, समन्वयक निसर्ग दुबे, खेल शिक्षिका ताहिरा खान सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हर्षवर्धन की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। हर्षवर्धन की यह सफलता न केवल महाविद्यालय, बल्कि पूरे रतलाम के लिए गौरव का विषय है।