वेबकास के स्टेट टीम लीडर श्री उदय रोमन द्वारा सीवरेज कार्यो का निरीक्षण

  • सीवरेज के अंतिम चरण के शेष कार्य शीघ्र पूर्ण किये जायें
  • निगम आयुक्त श्री झारिया ने बैठक में दिये निर्देश
  • वेबकास, रेलवे, सेतु निगम के अधिकारियों से की चर्चा

रतलाम । सीवरेज की समस्या से मुक्ति दिलाने हेतु नगर में डाली जा रही सीवरेज लाईन के तहत अंतिम चरण के कार्यो को शीघ्र पुरा किये जाने हेतु विधायक रतलाम शहर माननीय श्री चेतन्य जी काश्यप व कलेक्टर एवं प्रशासक नगर पालिक निगम रतलाम श्री कुमार पुरूषोत्तम के निर्देशानुसार निगम आयुक्त श्री सोमनाथ झारिया ने वेबकास के स्टेट टीम लीडर श्री उदय रोमन के साथ नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर सीवरेज कार्यो का निरीक्षण किया।
रतलाम शहर में सीवरेज कार्य शीघ्र कराये जाने व कार्य में आ रही कठिनाईयों को दूर करने हेतु नगरीय प्रशासन विकास के प्रमुख अभियंता द्वारा वेबकास के स्टेट टीम लीडर श्री उदय रोमन को रतलाम भेजा गया। श्री रोमन द्वारा श्री झारिया के साथ नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर सीवरेज कार्यो को देखा व कार्य में कमी व कठिनाईयों को दूर करने हेतु निरीक्षण उपरान्त वेबकास, रेलवे, सेतु निगम, नगर निगम के अधिकारियो की बैठक ली।
आयोजित बैठक में निगम आयुक्त श्री सोमनाथ झारिया ने रेलवे के डिविजनल इंजीनियर श्री आलोक श्रीवास्तव से चर्चा की कि रेलवे इंस्टीट्यूट से लक्ष्मणपुरा तिराहे तक 250 मीटर, महू रोड बस स्टैण्ड स्थित रेलवे पुलिया के नीचे से 150 मीटर, डोसीगांव से शिव नगर वाया औद्योगिक क्षेत्र 1700 मीटर व गोमदड़े की पुलिया से कस्तुरबा नगर तक 850 मीटर पाईप लाईन बिछाया जाना शेष है जिसे शीघ्र पुरा किया जाकर नगर को गन्दे पानी की समस्या से मुक्त किया जाना है। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि रेलवे के वरिष्ठ कार्यालय व वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर भूमि उपयोग शुल्क का आंकलन कर नगर निगम को प्रेषित करेंगे व नगर निगम द्वारा शुल्क जमा कराये जाने के बाद कार्य की अनुमति दी जायेगी।
इस अवसर पर निगम आयुक्त श्री झारिया ने श्री श्रीवास्तव को बताया कि महू रोड बस स्टैण्ड रेलवे पुलिया से पाईप लाईन निकाले जाने हेतु नगर निगम द्वारा 60,88,525/- की राशि रेलवे को जमा करा दी गई है।
सुभाष नगर ब्रीज से हाट की चौकी चौराहा तक सीवरेज पाईप लाईन डालने हेतु निगम आयुक्त श्री झारिया ने सेतु निगम के एस.डी.ओ. श्री आर.के. गुप्ता ने बताया कि उक्त क्षेत्र के भवन हटाये जाने के पश्चात सीवरेज लाईन डाले जाने हेतु भूमि उपलब्ध कराई जायेगी भवन स्वामियों को भवन तोड़ने हेतु 2 माह पूर्व ही नोटिस दिया जा चुका है यदि वे स्वंय भवन को नहीं गिराते हैं तो सेतु निगम द्वारा भवनों को गिराया जायेगा।
आयोजित बैठक में बताया गया कि खेतलपुर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट पूर्ण है व कुछ दिनों में प्रारंभ किया जा सकता है। इस अवसर पर बताया गया कि नगर में अब तक 38 क्षेत्रों के 18 हजार 900 हाउस कनेक्शन किये जा चुके हैं शेष कनेक्शन शीघ्र पूर्ण किये जायेंगे ताकि ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़े क्षेत्रों के 100 प्रतिशत घरो का गन्दा पानी प्लांट में आये व उस पानी का ट्रीटमेंट किया जाकर पानी को रीयूज में लाया जा सकें।
सीवरेज कार्य निविदाकार के इंजीनियर द्वारा बैठक में बताया गया कि स्टेशन रोड मनोहर होटल गली क्षेत्र मेें 50, कालिका माता एरोकेम फेक्ट्री के पीछे 200, मंगलम सिटी मेेन रोड पर 320, जैन कालोनी में 150 व वीआईपी रोड कलेक्टर बंगले के सामने 900 मीटर सीवरेज पाईप लाईन डाले जाने का कार्य शेष है। निगम आयुक्त श्री झारिया ने निर्देशित किया कि उक्त स्थलों पर पाईप लाईन डाले जाने का कार्य शीघ्र पुरा किया जाये। इसके अलावा उन्होने निर्देशित किया कि शेष रिस्टोरेशन का कार्य भी शीघ्र पुरा किया जाये ताकि नागरिकों को आवागमन में असुविधा ना हो।
आयोजित बैठक में वेबकास के टीम लीडर श्री उदय रोमन, आर.ई. रतलाम श्री संदीप बाथम, ए.आर.आई. उज्जैन श्री मोहित शर्मा, फील्ड इंजीनियर श्री वैभव शर्मा, श्री गिरिश सिंह सोलंकी, कार्यपालन यंत्री श्री सुरेशचन्द्र व्यास, सहायक यंत्री श्री श्याम सोनी, स्वास्थ्य अधिकारी श्री ए.पी. सिंह, उपयंत्री श्री राजेश पाटीदार, सुश्री दीक्षा निजामपुरकर, निज सहायक श्री सुभाष गोयल, सीवरेज निविदाकार के इंजीनियर श्री हरीश डामोर आदि उपस्थित थे।

Play sound