मुख्यमंत्री की घोषणा के परिपालन में औद्योगिक निवेश क्षेत्र के लिए 1400 हेक्टेयर भूमि कलेक्टर द्वारा विभाग को हस्तांतरित की गई

रतलाम । मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा विगत दिनों रतलाम आगमन पर की गई घोषणा के परिपालन में कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम द्वारा औद्योगिक निवेश क्षेत्र के लिए 1400 हेक्टेयर लगभग 3000 एकड़ भूमि औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग को हस्तांतरित कर दी गई है। अब इसमें आगामी कार्रवाई विभाग को करना है।
औद्योगिक निवेश क्षेत्र में लगभग 25000 करोड का पूंजी निवेश होना संभावित है, लगभग 50000 व्यक्तियों को रोजगार मिलेगा। इस निवेश क्षेत्र में रतलाम नगर तहसील क्षेत्र के ग्राम जामथुन, बिबडौद, जुलवानिया, पलसोड़ी, रामपुरिया एवं सरवनीखुर्द की भूमि सम्मिलित है।
इस संबंध में शहर विधायक श्री चैतन्य काश्यप द्वारा औद्योगिक निवेश क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री से शीघ्र अतिशीघ्र भूमि हस्तांतरण का आग्रह किया गया था। अतः भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया की गई है। रतलाम का यह निवेश क्षेत्र पीथमपुर के बाद प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा औद्योगिक निवेश क्षेत्र होगा। औद्योगिक निवेश क्षेत्र में मुख्य रूप से टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक एवं फार्मा जैसी गतिविधियां उपयुक्त रूप से संचालित होंगी। भूमि का उपयोग विभाग को 3 वर्ष के भीतर करना होगा अन्यथा भूमि वापस ली जाएगी।