जनसंख्या स्थिरता माह का आयोजन 11 जुलाई से 11 अगस्त तक किया जाएगा

रतलाम । वर्तमान में कोविड-19 महामारी को देखते हुए प्रजनन स्वास्थ्य सेवाएं बिना किसी बाधा के निरंतर जारी रखना अति आवश्यक है। प्रजनन स्वास्थ्य की आवश्यक सेवाएं मुख्य रूप से आधुनिक एवं लघु लंबे समय तक काम करने वाले गर्भनिरोधक साधनो सूचना एवं परामर्श सेवाएं ( आपातकालीन गर्भनिरोधक सहित ) के प्रावधान पर केंद्रित है । परिवार कल्याण कार्यक्रम के लिए इस वर्ष का नारा ”आपदा में भी परिवार नियोजन की तैयारी, सक्षम राष्ट्र और परिवार की पूरी जिम्मेदारी” निर्धारित किया गया है । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर प्रभाकर नानावरे ने बताया कि कार्यक्रम के लिए 27 जून से 10 जुलाई तक दंपत्ति संपर्क पखवाड़ा अंतर्गत विभागीय कर्मचारी घर घर जाकर दंपत्तियों की परिवार कल्याण संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त करेंगे और दंपत्तियों से संपर्क स्थापित कर परामर्श सेवाएं प्रदान करेंगे। जनसंख्या स्थिरता माह 11 जुलाई से 11 अगस्त 2021 के दौरान परिवार कल्याण संबंधी सेवाओं की प्रदायगी की जाएगी । जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉक्टर जी आर गौड़ ने बताया कि रतलाम जिले में कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य रूप से शादी की उम्र में देरी, दो बच्चों के बीच कम से कम 3 साल का अंतर, प्रसव पश्चात गर्भनिरोधक सेवाएं जैसे पीपीआईयूसीडी , अंतरा, परिवार नियोजन में पुरुषों की सहभागिता, दीर्घकालिक परिवार नियोजन के साधन आदि पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा । रतलाम जिले में परिवार कल्याण कार्यक्रम अंतर्गत पुरुष परिवार कल्याण ऑपरेशन , प्रसव पश्चात परिवार कल्याण ऑपरेशन, महिला परिवार कल्याण ऑपरेशन, अंतरा इंजेक्शन, प्रसव पश्चात पीपीआईयूसीडी निवेशन, आईयूसीडी निवेशन, माला एन , निरोध , छाया टेबलेट जैसे साधन निःशुल्क उपलब्ध है । परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत इच्छुक दंपत्ति अपनी सुविधा और इच्छा अनुसार परिवार कल्याण के साधन अपना सकते हैं ।

Play sound