- एक साथ कई विभाग बैंक प्रकरणों की स्वीकृति वितरण की कार्रवाई में जुटे
- कलेक्टर ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में आवश्यक निर्देश दिए

रतलाम । आगामी 12 जनवरी को जिला मुख्यालय पर एक वृहद रोजगार मेला शासन के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है। मेले में किसान क्रेडिट कार्ड और शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं के हितलाभ वितरित किए जाएंगे। इसकी व्यापक तैयारियां विभागों द्वारा की जा रही हैं। रोजगार मेले में लगभग 7 हजार केसीसी वितरण तथा 2 हजार से ज्यादा हितग्राहियों को कल्याणकारी योजनाओं में लाभ वितरण का लक्ष्य है। कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम ने सोमवार को समयावधि पत्रों की बैठक में तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर के निर्देश पर पशुपालन, मत्स्य, डेयरी, निगमायुक्त, शहरी विकास अभिकरण, नगरपालिका अधिकारी तथा विभिन्न बैंकर्स आदि एक साथ कई विभाग मेला आयोजन तैयारियों में जुट गए हैं। कलेक्टर ने बैठक में अन्य विभागों के कार्यक्रमों की समीक्षा भी की।
वैक्सीनेशन तथा कोरोना नियंत्रण के संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर ननावरे से जानकारी प्राप्त की। सभी एसडीएम को बच्चों के वैक्सीनेशन का शत-प्रतिशत कार्य तीन दिवस में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। ओलावृष्टि तथा वर्षा से हुए नुकसान की जानकारी हेतु समीक्षा करते हुए व्यापक रूप से फसल नुकसानी सर्वेक्षण के निर्देश सभी एसडीएम को दिए। बताया गया कि सभी एसडीएम द्वारा पटवारी तथा कृषि विभाग के कर्मचारियों का दल गठन कर दिया गया है जो विस्तृत सर्वेक्षण कार्य में जुट गया है।
बैठक में जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक श्री आलोक जैन ने बताया कि कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम के निर्देश पर सहकारी समितियों में गड़बड़ियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत शिवपुर सहकारी संस्था के सहायक प्रबंधक को निलंबित कर दिया गया है और तथा नामली सहकारी संस्था के सहायक प्रबंधक को बर्खास्त कर दिया गया है।
कलेक्टर ने बड़ावदा में पुराने जर्जर हो चुके मिडिल स्कूल भवन को डिस्मेंटल करने की कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा अधिकारी श्री शर्मा को कार्य में तेजी लाने के लिए निर्देशित किया। बैठक में कलेक्टर ने कोरोना के दृष्टिगत कंटेनमेंट और आइसोलेशन पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए। बताया गया कि रतलाम शहर में एक्सिस बैंक का संक्रमित कर्मचारी तथा इसी बैंक का एक अन्य कर्मचारी दो अन्य व्यक्तियों के साथ पार्टी करते हुए पकड़े गए हैं जिनके विरुद्ध धारा 188 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। बैठक में बूस्टर डोज लगाने पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि नगर निगम के सफाई मित्रों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा आशा कार्यकर्ताओं को बूस्टर डोज वैक्सीनेशन आरंभ किया जाए।