रतलाम। कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम ने बुधवार को जिले के सैलाना में विकासखंड स्तरीय मैदानी अमले की बैठक ली। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के कर्मचारियों से प्रगति की जानकारी लेते हुए योजनाओं के मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन की गहराई से पड़ताल की। इस अवसर पर जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती जमुना भिड़े, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास श्री रजनीश सिन्हा, एसडीएम श्रीमती कामिनी ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी श्री के.सी. शर्मा, उप संचालक कृषि श्री विजय चौरसिया, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन श्री पी.के. खरत, सहायक संचालक सुश्री अंकिता पंड्या तथा अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
सैलाना के कन्या आवासीय परिसर स्कूल में आयोजित उक्त बैठक में कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम ने मैदानी स्तर पर उपयंत्रियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। कई उपयंत्रियों के कार्यों से असंतुष्ट कलेक्टर द्वारा चेतावनी दी गई कि यदि समय सीमा में कार्य पूर्ण नहीं किए गए तो 31 मार्च के पश्चात उनका कांट्रैक्ट रिन्यूअल नहीं किया जाएगा। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के कार्यों की समीक्षा में पाया गया कि कार्य पूर्ण नहीं किए गए हैं। सैलाना में बन रहे ऑडिटोरियम के बारे में पूछताछ की गई। कलेक्टर ने कहा कि पूर्व निरीक्षण में कार्य घटिया पाया गया था। सुनिश्चित किया जाए कि ऑडिटोरियम कार्य की पूर्णता गुणवत्तापूर्वक हो। स्वास्थ्य विभाग के निर्माण कार्यों को भी घटिया निरूपित करते हुए कलेक्टर द्वारा आरईएस के कार्यपालन यंत्री श्री धनोतिया को जांच के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि पंचायत सचिव अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं, कार्यों की अपूर्णता क्यों है। आयुष्मान कार्ड निर्माण की भी समीक्षा की बताया गया कि चंदेरा, कुआंझागर सहित कई अन्य पंचायतों में कार्य ठीक से नहीं किया गया। कलेक्टर द्वारा पंचायत सचिवों से हेडक्वार्टर की जानकारी पूछी गई और कहा कि जो कर्मचारी हेडक्वार्टर पर नहीं रहते हैं उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर द्वारा पटवारियों से भी उनके हल्का क्षेत्र में कार्यों की जानकारी ली गई। खासतौर पर मुख्यमंत्री आवास भू-अधिकार योजना में प्राप्त आवेदनों की संख्या पूछी गई। कलेक्टर ने कहा कि सबसे ज्यादा शिकायतें जनसुनवाई में सैलाना क्षेत्र से राजस्व की आती है। पटवारी से कलेक्टर की इमेज बनती है। पटवारी यदि कार्य नहीं करेंगे तो उनकी नौकरी खतरे में आ जाएगी। पटवारियों से कहा कि गांव में पटवारी के काम से उसका सम्मान बढ़ता है। पटवारी गांव वालों के सुख-दुख में काम आते हैं।
कलेक्टर ने टीकाकरण की समीक्षा भी की। सैलाना में वर्कर्स द्वारा अच्छा कार्य किए जाने पर कलेक्टर द्वारा उन्हें बधाई दी गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक पटवारी हल्के में अन्य शासकीय कर्मचारियों के साथ उनकी एक मासिक बैठक अवश्य आयोजित की जाए जिसमें सब एक दूसरे को जाने पहचाने। एक दूसरे के कार्य को समझे। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि स्थानीय रूप से कई प्रसूता महिलाओं को शासन की योजना का लाभ इसलिए नहीं दिया जा सका है कि शादी के पश्चात उनका अपने मायके के समग्र रिकॉर्ड में नाम हटाया जाकर नए स्थान पर नहीं जुड़ा है कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कार्यकर्ता इस संबंध में ग्राम पंचायत के सचिव से सघन संपर्क रखकर समग्र आईडी में नाम जुड़वाये।
विद्युत वितरण कंपनी के सहायक यंत्री को ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत कनेक्शन आगामी 28 फरवरी तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सेवा में एसडीएम को भी निर्देशित किया कि वे प्रत्येक माह मैदानी अमले की बैठक आयोजित करके शासकीय योजनाओं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करती रहे।