आयोजक मंडलों से समन्वय कर सड़क बंद रहने का समय और वैकल्पिक मार्ग की जानकारी देने की अपील
जावरा। नवरात्रि पर्व पर नगर में विभिन्न गरबा मंडलों द्वारा धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ गरबा, बाना-डंडा, व्यंजन मेले सहित अनेक आयोजन किए जा रहे हैं। इन आयोजनों से नगर में भक्तिमय वातावरण बनता है और श्रद्धालुओं को अपनी धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजनों के दौरान आम नागरिकों की सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता अभय सुराणा ने पुलिस विभाग से एक महत्वपूर्ण पहल करने की अपील की है।
अभय सुराणा ने कहा कि नवरात्रि के दौरान जहां-जहां धार्मिक आयोजनों के कारण सड़कें अस्थायी रूप से बंद की जाती हैं या यातायात का मार्ग परिवर्तित किया जाता है, वहां की जानकारी पुलिस विभाग द्वारा पहले से सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से सार्वजनिक की जानी चाहिए। इसके लिए संबंधित आयोजक मंडलों से समन्वय स्थापित कर यह जानकारी प्राप्त की जाए कि किस मार्ग पर, कितने बजे से कितने बजे तक यातायात बंद रहेगा।
उन्होंने सुझाव दिया कि सूचना में बंद रहने वाले मार्ग के साथ-साथ वैकल्पिक मार्ग का भी स्पष्ट उल्लेख किया जाए, ताकि शहर से चौपाटी जाने वाले तथा चौपाटी से शहर की ओर आने वाले नागरिकों को अनावश्यक रूप से इधर-उधर नहीं भटकना पड़े। समय रहते सही जानकारी मिलने से वाहन चालकों का समय बचेगा, यातायात का दबाव कम होगा और आमजन को होने वाली असुविधा से भी बचा जा सकेगा।
अभय सुराणा ने कहा कि यह पहल किसी धार्मिक आयोजन में बाधा डालने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि आयोजक मंडलों के सहयोग से व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए है। नवरात्रि का पर्व आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इसलिए आयोजनों की गरिमा बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं, आयोजकों और आम नागरिकों की सुविधा का ध्यान रखना भी आवश्यक है।
उन्होंने पुलिस विभाग, आयोजक मंडलों और नगर के नागरिकों से आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ ऐसी व्यवस्था बनाने की अपील की, जिससे धार्मिक आयोजन भी उत्साहपूर्वक संपन्न हों और आमजन का आवागमन भी सुचारु बना रहे।