- कार्ययोजना बनाऐं, मॉनिटरिंग करें और समर्पण भाव से कार्य करें
- जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक संपन्न
रतलाम। जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक न्यू कलेक्टोरट परिसर पर कलेक्टर श्री कुमार पुरूषोत्तम, सीईओ जिला पंचायत सीईओ श्रीमती जमुना भिडे, सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे, सिविल सर्जन डॉ. आनंद चंदेलकर, जिला शिक्षा अधिकारी श्री के.सी. शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री रजनीश सिन्हा, सहायक संचालक सुश्री अंकिता पंडया एवं विभागीय अधिकारी कर्मचारियों के साथ संपन्न की गई। बैठक के दौरान स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति का प्रस्तुतीकरण डीपीएम डॉ. अजहर अली ने किया।
कलेक्टर श्री कुमार पुरूषोत्तम ने बाजना विकासखंड में आयोजित महिला स्वास्थ्य शिविरों में महिलाओं के एनीमिया की स्थिति को लकर चिंता व्यक्त की और विभागीय अधिकारी कर्मचारियों से स्थिति में सुधार लाने के लिए सुझाव लिए। उन्होने विभागीय अधिकारियों को गर्भावस्था के दौरान एनीमिया से बचाव के लिए कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। रतलाम शहरी क्षेत्र, पिपलोदा और रतलाम ग्रामीण क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं के कम पंजीयन होना पाया गया। इसके लिए कलेक्टर ने निर्देशित किया कि समस्त स्वास्थ्य कार्यकर्ता गर्भवती महिलाओं के पंजीयन के लिए घर-घर भ्रमण कर सर्वे करें। प्रत्येक ब्लॉक के बीपीएम, बीईई, बीसीएम अपने स्तर पर सप्ताह में कम से कम 100 घरों में किए सर्वे का वेरिफिकेशन करें। सर्वे के दौरान घरों में गर्भवती महिलाओं को व्यक्तिगत परामर्श प्रदान किया जाए। आशा कार्यकर्ता गर्भवती महिलाओं को प्रसव हेतु लेकर आए तथा शासकीय अस्पताल में छोडने के बाद अस्पताल में अनावश्यक ना आए । गर्भावस्था के समय चारों स्वास्थ्य जांच सेवाऐं अनिवार्य रूप से की जाए। उन्होने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि प्रतिदिन वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा करें एवं सुधारात्मक कार्यवाही करें । बैठक के दौरान मातृ मृत्यु प्रकरणों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम ने जिले में हुइ मातृ मृत्यु प्रकरणों की विस्तृत जानकारी नस्ती पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। शिशु मृत्यु मामलों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने एसएनसीयू के चिकित्सक डॉ. नावेद कुरैशी से चर्चा की तथा शिशु मृत्यु के कारणों की पहचान कर सुधरात्मक कार्यवाही करने को कहा। प्रत्येक मामले में संस्थागत प्रसव कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री कुमार पुरूषोत्तम ने 0 से 5 वर्ष की आयु के बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए 21 मार्च से 31 मार्च के मध्य ग्रामवार प्रतिदिन टीकाकरण सत्र आयोजित कर शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने के लिए कार्ययोजना सोमवार टीएल बैठक के दौरान प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर ने नये स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण के कार्य की प्रगति की समीक्षा की । उन्होने कार्य में प्रगति लाने हेतु विभागीय अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीएचओ की मैदानी क्षेत्र में उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु जिला कंट्रोल रूम से ऑनलाईन दूरभाष द्वारा मॉनिटरिंग के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर श्री कुमार पुरूषोत्तम ने आगामी बैठक 20 से 30 अप्रेल तक रखे जाने एवं बैठक के कार्यवाही विवरण का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में डॉ. वर्षा कुरील, मेडिकल कॉलेज की स्त्री रोग विशेषज्ञ, जिला चिकित्सालय की स्टाफ नर्से, डॉ. जी. आर. गौड, डॉ. प्रमोद प्रजापति, डॉ. गौरव बोरीवाल, श्रीमती सरला वर्मा, बीएमओ, बीईई, बीपीएम, बीसीएम एवं अन्य विभागीय अधिकारी कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।