विचार ही आपका मित्र है और विचार ही आपका शत्रु, विचारों का दान जन्म जन्मांतर सुधार देता है -राष्ट्रसंत कमल मुनि कमलेश

चित्तौड़गढ़ 12 मार्च । श्रमण संघीय मंत्री ,राष्ट्र संत कमलमुनि कमलेश म सा ने शनिवार प्रातः जैन दिवाकर भवन सेंथी में अपने प्रवचन में कहा कि विचारों में अनंत ऊर्जा होती है ।भगवान हमारे बीच दिखाई नहीं देते हैं पर उनके विचार महत्वपूर्ण हैं। वैचारिक प्रदूषण की बीमारी किसी भी एक्सरे एम आर आई व डॉक्टरी परीक्षण में नहीं आती है। विचारों का दान जन्म जन्मांतर सुधार देता है ।यदि विचार खराब होंगे तो हर जन्म खराब हो जाएगा। व्यक्ति के विचार ऑक्सीजन के समान होते हैं। विचारों को धोने का कोई साबुन नहीं है। विचार ही आपके मित्र व विचार ही आपके शत्रु हैं ।विचार ही तीर्थ हैं और विचार ही हमारे मन के विकार के लिए फिल्टर का काम करते हैं।
श्रमण संघ प्रचार मंत्री सुधीर जैन ने विज्ञप्ति में बताया कि राष्ट्रसंत कमल मुनि कमलेश ने कहा कि महापुरुषों की वाणी विचारों के कचरे को फिल्टर करने का काम करती है। हमने अपने शरीर को, अपने धन को तौला है पर हमें अपने विचारों को तौलना चाहिए। किसी के बारे में कभी भी कोई धारणा नहीं बनानी चाहिए न कोई टिप्पणी नहीं करनी चाहिए ।कब कहां कौन उपयोगी हो जाता है इसका पता नहीं लगता ।उन्होंने जीवन में सकारात्मकता की ओर दृष्टिगत करते हुए कहा कि जिंदगी में कभी भी ना नहीं कहें ।कभी नकारात्मकता नहीं लानी चाहिए ,यह वो जहर है जो विचारों में गंदगी पैदा कर आत्मा को नर्क बना देता है ।उन्होंने कहा जिसके विचार चंद्रमा जैसे निर्मल हो जाते हैं वही धर्म की पालना कर सकता है ।जिस को बुरा नजर आता है उसके दिमाग में वायरस घुसा हुआ है यह मान लेना चाहिए । विचार भी बीज की तरह होते हैं। यदि बीज कड़वा है तो फसल भी कड़वी होगी और यदि बीज मीठा हुआ तो फल भी मीठा होगा। हमें ना पंथ बदलना है न जाति बदलनी है , हमें तो अपने विचारों को बदलना है।
उन्होंने कहा कि यदि हमें अपने विचारों में वायरस लगे तो 3 बार नवकार मंत्र और ओम शांति का जाप करना चाहिए ।
प्रवचन में उप प्रवर्तक सुभाष मुनि म सा, घनश्याम मुनि म सा,गौतम मुनि म सा,अरिहंत मुनि म सा,लोकेश मुनि म सा विराजित रहे। घनश्याम मुनि म सा ने कहा कि किसी को अपशब्द नहीं कहने ,क्रोध नही करने का संकल्प भी बड़ा होता है। जिनके पास विनय है उसकी सबसे बड़ी इज्जत है ।प्रवचन के पश्चात जैन दिवाकर कमला गौशाला निंबाहेडा में कमल गोसेवा महिला मंडल समिति से
गुणबाला डांगी ने विचार व्यक्त किए ।उन्होंने कहा कि निंबाहेड़ा में महिलाओं द्वारा गौशाला के क्षेत्र में सेवा कार्य किया जा रहा है जिसमें अनीता पगारिया ,रानी संघवी,कांता बोहरा ,डिंपल मारू ,सीमा ढेलावत,चंदा जैन, संगीता लुणावत ,शीतल संघवी, सुनीता भड़कत्या निस्वार्थ सेवा प्रदान कर रहे हैं। वीरवाल जैन समाज के विजय कुमार वीरवाल आदि ने विचार व्यक्त किए ।कार्यक्रम का संचालन ऋषभ सुराना ने किया। सेंथी श्रीसंघ अध्यक्ष लक्ष्मीलाल चंडालिया ने जानकारी दी कि राष्ट्रसंत कमल मुनि कमलेश आदि ठाणा रविवार को अहिंसानगर में वीरवाल जैन समाज के कार्यक्रम में सम्मिलित होकर सांय गांधीनगर विराजित रहेंगे। सोमवार 14 मार्च को प्रवचन गांधीनगर स्थित महावीर भवन में होगा।

Play sound