प्रत्येक कार्य का सत्यापन होगा

कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के ठेकेदारों की बैठक लेकर समीक्षा की

रतलाम । जल जीवन मिशन के तहत जिले में नल-जल योजनाओं के क्रियान्वयन की गंभीरता से समीक्षा कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम द्वारा नियमित रूप से की जा रही है शुक्रवार को भी कलेक्टर ने मिशन के नल जल योजनाओं को क्रियान्वित करने वाले ठेकेदारों की बैठक आयोजित करके निर्देशित किया कि कार्यों में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक कार्य का सत्यापन होगा। जहां कमी पाई जाएगी व्यक्ति दंडित होगा। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री पी.के. गोगादे, विभाग के एसडीओ तथा ठेकेदार उपस्थित थे।
कलेक्टर ने इस बात पर सख्त नाराजगी व्यक्त की कि बाजना क्षेत्र में कार्यों में गड़बड़ी पाई गई है और एफआईआर दर्ज करानी पड़ी है, प्रत्येक ठेकेदार अपना कार्य सुधारें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्य गुणवत्तापूर्वक हो, निर्धारित मापदंडों के अनुसार सामग्री का उपयोग सुनिश्चित हो, हल्की सामग्री उपयोग नहीं की जाए, गुणवत्ताविहीन कार्य की जांच की जाएगी।