ग्रीष्मकाल के दृष्टिगत प्रत्येक गांव की जल उपलब्धता जानकारी प्रस्तुत करें

कलेक्टर ने समय सीमा बैठक में दिए निर्देश

रतलाम। चालू ग्रीष्मकाल में किसी भी गांव में पेयजल की समस्या नहीं आए। प्रत्येक गांव की जानकारी संकलित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम ने उक्त निर्देश समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए। कलेक्टर ने ताकीद की कि प्रत्येक एसडीएम तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनिश्चित करेंगे कि पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता ग्रामीणों को सुनिश्चित हो, साथ ही जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों की मानिटरिंग करें। कलेक्टर ने निगम आयुक्त को रतलाम शहर में भी पेयजल आपूर्ति के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े, अपर कलेक्टर श्री एम.एल.आर्य, अपर कलेक्टर श्री अभिषेक गहलोत, एसडीएम श्री राजेश शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर सुश्री कृतिका भीमावद आदि उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर द्वारा गेहूं उपार्जन पीडीएस से राशन वितरण की भी समीक्षा की गई। ग्रीष्मकाल में पेयजल के संदर्भ में एसडीएम जनपद सीईओ तथा पीएचई को निर्देशित किया गया कि वर्तमान स्थिति के साथ-साथ आगामी मई तथा जून के दौरान किस प्रकार की स्थिति रहेगी इसका पूर्व आकलन प्रस्तुत करें। ग्रामवार डाटा संग्रहण किया जाए, संयुक्त रिपोर्ट एसडीएम तथा जनपद के सीईओ प्रस्तुत करेंगे। 12 से 14 वर्ष आयु के बच्चों के व्यक्ति नेशन की समीक्षा भी कलेक्टर द्वारा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रत्येक कैंप के पश्चात खंड शिक्षा अधिकारी से जानकारी प्राप्त करें। बैठक में जनजाति कार्य विभाग की अधिकारी ने बताया कि जिले के 113 ट्राईबल हॉस्टल में कलेक्टर के निर्देशानुसार रंगरोगन तथा मरम्मत कार्य किया जा रहा है।
कलेक्टर द्वारा निगमायुक्त श्री झारिया को निर्देशित किया गया कि कॉलोनाइजर्स के मामले में समीक्षा करते हुए अब तक जितने भी कॉलोनाइजर्स के विरुद्ध एफआइआर कराई गई है उनका फॉलोअप प्रस्तुत करें। जिले में स्कूलों तथा आंगनबाड़ियों में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल के लिए किए जा रहे नल कनेक्शन की समीक्षा भी कलेक्टर द्वारा की गई। इस संबंध में विद्युत उपलब्धता की जानकारी प्राप्त नहीं होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने महिला बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी तथा विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री को संयुक्त रूप से एक सप्ताह में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी स्कूलों, आंगनबाड़ियों में नल कनेक्शन के लिए आवश्यक विद्युत कनेक्शन स्थापित कर दिए जाएं।
स्वच्छता अभियान के संबंध में समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सहायक आयुक्त आबकारी श्रीमती नीरजा श्रीवास्तव को निर्देशित किया कि शराब की दुकानों पर गंदगी नहीं हो, यह सुनिश्चित करें अन्यथा किसी भी दुकान पर गंदगी पाए जाने पर कम से कम 20 हजार रूपए का अर्थदंड वसूला जाएगा। राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक जिले में 100 नवीन तालाबों का निर्माण किया जाना है। रतलाम जिले में भी उपरोक्त संख्या में तालाबों के निर्माण के लिए कलेक्टर द्वारा सभी एसडीएम तथा जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया कि तालाबों के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन करते हुए भूमि के अंतिम चयन की कार्यवाही 7 अप्रैल तक कर ली जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जनसहयोग से भी तालाबों का निर्माण करवाया जाए।