आयोग के प्रेक्षक डॉ. अशोक भार्गव ने सैलाना-बाजना क्षेत्र में भ्रमण किया

रतलाम । राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक डॉ. अशोक कुमार भार्गव (पूर्व वरिष्ठ आईएएस अधिकारी) द्वारा जिले के सैलाना- बाजना क्षेत्र का मंगलवार को भ्रमण किया गया। प्रेक्षक द्वारा नगरीय निकायों, त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के संदर्भ में फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की गई। इस दौरान वे एसडीएम तथा तहसील कार्यालयों में पहुंचे। प्रेक्षक डॉ. भार्गव ने फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की। प्रेक्षक ने यह भी जाना कि अधिकारियों, कर्मचारियों ने उक्त कार्य के लिए पर्याप्त प्रशिक्षण प्राप्त किया है अथवा नहीं। मतदाता सूची तैयार करने की विधि को ठीक ढंग से समझा अथवा नहीं। इसके अलावा दावा-आपत्ति प्राप्त करने वाले प्राधिकृत कर्मचारियों से भी जानकारी प्राप्त की गई। उल्लेखनीय है कि मतदाता सूची पर दावे-आपत्ति प्राप्त करने की कार्रवाई पश्चात आगामी 16 अप्रैल तक इसका निराकरण किया जाएगा।