आगामी मई माह में जिले के लगभग 3 हजार शासकीय स्कूलों की रंगाई-पुताई का अभियान संचालित होगा

कलेक्टर ने बैठक में विभाग की समीक्षा की

रतलाम । जिले में आगामी मई माह में स्कूलों की रंगाई-पुताई के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम द्वारा शुक्रवार शाम आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में दिए गए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े, प्रभारी डीपीसी अपर कलेक्टर श्री अभिषेक गहलोत, जिला शिक्षा अधिकारी श्री के.सी. शर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।
बताया गया कि जिले के लगभग 3 हजार शासकीय स्कूलों में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई का विशेष अभियान चलेगा। इसके लिए शाला विकास समितियों के पास राशि उपलब्ध है। जहां राशि उपलब्ध नहीं होगी वहां पंचायत सहयोग करेगी अथवा जनसहयोग भी लिया जा सकेगा। कलेक्टर ने बैठक में विभागीय कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया। शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत समीक्षा में बताया गया कि अभी 22 स्कूलों को प्रतिपूर्ति राशि तकनीकी कारणों से आवंटित नहीं की जा सकी है।
कलेक्टर ने बैठक में जिले के हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम पर अप्रसन्नता व्यक्त की एवं नवीन शैक्षणिक सत्र की तैयारियों की समीक्षा की गई। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की जानकारी प्राप्त की, इसके अलावा पाठ्य पुस्तकों के वितरण की भी समीक्षा की गई। विभाग द्वारा शिक्षकों के लिए संचालित किए जा रहे शैक्षणिक कोर्स में ज्वाइन नहीं करने वाले 32 शिक्षकों के वेतन रोकने तथा असंचई प्रभाव से एक-एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश कलेक्टर ने दिए।