रतलाम। कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने संबंधित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले में जन्म-मृत्यु की घटनाओं का समय पर पंजीयन किया जाए। इसमें विलंब नहीं हो देखने में आया है कि जन्म एवं मृत्यु की सभी घटनाएं या तो पंजीकृत नहीं हो पा रही है अथवा विलंब से पंजीयन हो रहा है। कलेक्टर ने इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, मेडिकल कॉलेज के डीन, जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, रतलाम नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिले की सभी नगर पालिका एवं नगर परिषदों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जन्म सूचना फॉर्म नंबर 1 के रिमार्क कॉलम में परिवार की समग्र आईडी तथा मृत्यु सूचना फॉर्म नंबर दो के रिमार्क कालम में व्यक्तिगत समग्र आईडी, परिवार समग्र आईडी अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए। सभी ग्राम पंचायतों की जनपद पंचायत स्तर पर, स्वास्थ्य संस्थाओं, विकासखंड या जिला स्तर पर तथा नगरीय निकायों की नगर स्तर पर प्रतिमाह जन्म-मृत्यु पंजीयन की समीक्षा बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए। इसकी पूर्व सूचना जिला योजना अधिकारी बी.के. पाटीदार को अनिवार्य रूप से प्रेषित की जाए। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि समीक्षा बैठक में इस बात पर विशेष ध्यान देवें कि रजिस्ट्रार या उपरजिस्ट्रार के संबंधित क्षेत्र में कुल कितनी जन्म-मृत्यु की घटना घटित हुई है, उनमें से कौन सी घटना पंजीयन से शेष रही है तथा पंजीयन नहीं होने का कारण क्या है। निर्धारित प्रारूप की जन्म पजी मृत्यु पजी प्रत्येक पंजीयन इकाई पर अनिवार्य रूप से संधारित की जाए। मासिक जानकारी निर्धारित प्रपत्र में प्रत्येक माह की 2 तारीख तक अनिवार्य रूप से जिला योजना अधिकारी को प्रेषित करने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम हेल्पलाइन में आने वाली शिकायतों का निराकरण भी नियमानुसार प्राथमिकता के साथ करने, कोई भी शिकायत अनअटेंड नहीं रहने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए हैं।
13 से लगेंगे विकासखण्ड स्तरीय रोजगार शिविर
रतलाम। बेरोजगार युवाओं को रोजगार/स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम के मार्गदर्शन और सीईओ जिला पंचायत जमुना भिड़े के दिशा-निर्देशन में म.प्र. डे. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन रतलाम द्वारा जिले के विभिन्न विकासखंडां में 13 मई से 24 मई के मध्य रोजगार/स्वरोजगार शिविरो का आयोजन किया जा रहा है। सीईओ जिला पंचायत द्वारा दी गई जानकारी अनुसार 13 मई को शासकीय आईटीआई परिसर सैलाना रोड रतलाम में फोर्स मोटर कंपनी पीथमपुर द्वारा विभिन्न तकनीकी पदों हेतु साक्षात्कार लिया जाएगा। 17 से 24 मई तक विभिन्न विकासखंडो मे सिक्यूरिटी कंपनी द्वारा सुरक्षा गार्ड की भर्ती के साथ-साथ बीमा सलाहकार व अन्य पदों हेतु रोजगार शिविर आयोजित किए जाएंगे।