राजस्व तथा पुलिस अधिकारी निर्भीक निर्वाचन के लिए समन्वय के साथ कार्य करें

पुलिस तथा राजस्व अधिकारियों की संयुक्त बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सूर्यवंशी द्वारा दिशा निर्देश दिए गए

रतलाम। रतलाम जिले में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2022 स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक रूप से संपन्न कराना है। समस्त निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारू संचालन हेतु पुलिस तथा राजस्व के अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें, संयुक्त रूप से भ्रमण करें। यह निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नरेंद्र सूर्यवंशी द्वारा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शनिवार को पुलिस और राजस्व अधिकारियों की आयोजित बैठक में दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक तिवारी, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री एम.एल. आर्य, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुनील पाटीदार, सभी एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी आदि उपस्थित थे।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सूर्यवंशी ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी निष्पक्ष एवं निर्विघ्नं निर्वाचन के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदर्श आचरण संहिता का पालन करें। अपने क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर फोकस करें। सभी आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियां समय सीमा में कर लेवे। निष्पक्ष निर्वाचन के लिए बगैर किसी दबाव के कार्य करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि सुचारू निर्वाचन प्रक्रिया के लिए वर्षा के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियां कर लेवे, अपना रूट चार्ट देखें और अपने रूट पर भ्रमण करें। अपने मतदान केंद्रों का जायजा ले जो भी जरूरी कार्य मतदान केंद्रों पर करवाए जाना है वह समय सीमा में करवाएं जाए। अपना सूचना तंत्र मजबूत करें, ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से चर्चा कर लेवे। चुनाव प्रभावित करने वाले तत्वों को चिन्हित करें, उनकी निगरानी करें। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए पूर्व से कार्य करें। संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत तेजी से कार्रवाई की जाए। शस्त्र जमा कराए जाएं, अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। धारा 144 का पालन कराएं, मतदान केंद्रों पर मतदान दिवस के दौरान पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए जाएं। अवैध धन के प्रवाह पर नियंत्रण रखा जाए। प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयों का प्रचार-प्रसार भी करें।
पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक तिवारी ने निर्देशित किया कि पुलिस तथा राजस्व के अधिकारी संयुक्त भ्रमण करके अपने क्षेत्र में नियोजित प्रबंध करें। अपने क्षेत्र की पृष्ठभूमि, स्थानीय परिस्थितियों से अवगत होकर कार्य योजना तैयार करें। सूचना तंत्र की मजबूती आवश्यक है, सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर कड़ी नजर रखी जाए। आवश्यक दूरभाष नंबरों का प्रचार-प्रसार करें। वाहनों पर पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम लगाई जाए। वीडियोग्राफी, संपत्ति विरूपण कार्रवाई, चेक पोस्ट स्थापना इत्यादि बिंदुओं पर भी पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नरेंद्र सूर्यवंशी द्वारा बैठक से ताल नायब तहसीलदार श्री पारसनाथ मिश्रा की अनुपस्थिति पर उनका 1 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। श्री सूर्यवंशी ने एसडीएम तथा तहसीलदारों से उनके क्षेत्र की जानकारी भी प्राप्त की।