मलेरिया की रोकथाम हेतु रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया

रथ में मलेरिया जांच व उपचार की सुविधा भी रहेगी

रतलाम । मलेरिया के प्रति जनजागरुकता के उदेश्य से मलेरिया विभाग द्वारा मलेरिया जागरुकता रथ को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. प्रभाकर ननावरे द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। मलेरिया रथ में प्रचार प्रसार के दौरान मलेरिया जांच व उपचार की सुविधा भी रहेगी। मलेरिया रथ जिले के समस्त ग्रामों में निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार भ्रमण करेगा।
इस अवसर पर प्रभारी सीएमएचओ एवं मनोचिकित्सक डा. निर्मल जैन, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. जी.आर. गौड, मलेरिया अधिकारी डा. प्रमोद कुमार प्रजापति, सहायक मलेरिया अधिकारी डा. एन.एस. वसुनिया, सहायक मीडिया अधिकारी श्रीमती सरला वर्मा, जिला एपिडिमियोलाजिस्ट डा. गौरव बोरीवाल, मलेरिया टेक्नीकल सुपर वाईजर श्री प्रवीण गामड, श्री राजेन्द्र कुमार पालीवाल, श्री संदीप विजयवर्गीय, श्री सुनील दुबे, एंटी लार्वा प्रभारी मलेरिया विभाग के कर्मचारी और स्टाफ उपस्थित था।
डा. प्रमोद प्रजापति द्वारा मलेरिया विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, एंटी लार्वा स्टाफ को मलेरिया रोग से बचाव की शपथ दिलाई गई। डा. निर्मल जैन ने बताया कि मलेरिया को खत्म करने के लिए हमें घर से शुरुआत करना होगी। घर मे जमा पानी की निकासी एवं मच्छर से बचाव के तरीके अपनाने होंगे। बीमार होने पर पूर्ण उपचार लेना होगा। जिला मलेरिया अधिकारी द्वारा बताया गया कि मलेरिया से बचाव के लिए अनुपयोगी बर्तनों तथा कूलर आदि में जमा पानी सप्ताह में एक बार अवश्य बदलें। घरों के आसपास जमा पानी हो तो उसकी निकासी की व्यवस्था करें क्योंकि इसी जमा पानी में मच्छर पनपते हैं जो मलेरिया, डेंगू, चिकन गुनिया जैसी बीमारी भी फैलाते हैं।

Play sound