
रतलाम । रतलाम जिले में विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून के उपलक्ष में 1 जून से 8 जून के बीच पर्यावरण सप्ताह अंतर्गत शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों पर गतिविधियां की गई । पर्यावरण सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में शासकीय नर्सिंग स्कूल जिला अस्पताल में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ आनंद चंदेलकर ने बताया कि स्वास्थ विभाग अंतर्गत जलवायु परिवर्तन एवं मानव स्वास्थ्य के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं । जलवायु परिवर्तन का सीधा असर मानव स्वास्थ्य पर पड़ रहा है ।जलवायु परिवर्तन के दौरान जैसे अधिक गर्मी के समय तापाघात , बारिश के समय जल जनित बीमारियां जैसे उल्टी दस्त , वाहक जनित रोग जैसे मलेरिया डेंगू जैसी बीमारियां होने की आशंका रहती है । अतः सभी स्वास्थ सेवा प्रदाताओं को जलवायु परिवर्तन के प्रति संवेदनशील रहकर वृक्षारोपण ,जल संवर्धन , प्राकृतिक पदार्थो आदि के उपयोग आदि पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए , साथ ही मौसम परिवर्तन के समय स्वास्थ्य के लिए उचित व्यवहार संबंधी परामर्श प्रदान करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान जिला मलेरिया अधिकारी डॉ प्रमोद प्रजापति ने सभी स्वास्थ सेवा प्रदाताओं को पर्यावरण बचाने और वृक्ष लगाने संबंधी संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डॉ गौरव बोरीवाल, श्वेता बागड़ी , आशीष चौरसिया, लोकेश वैष्णव , सूरज सिंह, डी सी एम श्री कमलेश मुवेल एवं अन्य विभागीय अधिकारी कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।