विधायक श्री काश्यप ने सपरिवार फ्रीगंज में और श्री पटेल ने मोहनबाग में किया मतदान

रतलाम 13 जुलाई 2022। नगर पालिका निगम रतलाम के चुनाव में बुधवार को रतलाम शहर के जागरूक मतदाताओं द्वारा किए गए प्रदेश में सर्वाधिक मतदान करने पर विधायक चेतन्य काश्यप एवं महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल ने मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है। उन्होने कहा कि शहरवासियों ने जिस तरह से लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक अपना अमूल्य योगदान दिया है, उसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे। उनके अनुसार प्रदेश की सभी 16 नगर निगमों में रतलाम के मतदाताओं ने सर्वाधिक 70 प्रतिशत मतदान किया है।
श्री काश्यप के अनुसार पहले चरण में 6 जुलाई को 11 जिलों में हुए नगर निगम चुनाव के दौरान प्रदेश के बडे़ शहरों में मतदान उम्मीद से कम हुआ था लेकिन रतलाम के जागरूक मतदाताओं ने इन सभी जिलों को पछाड़कर रिकॉर्ड मतदान किया है, जो शहर विकास के लिए बहुत आवश्यक था। श्री काश्यप एवं श्री पटेल ने पार्टी पदाधिकारियों एवं समस्त कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद ज्ञापित किया है, जिन्होने चुनाव के दौरान लगातार सक्रिय रहकर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया।
परिवार के साथ किया मतदान
लोकतंत्र के महापर्व में भाग लेते हुए विधायक चेतन्य काश्यप बुधवार को परिवार के साथ वोट डालने के लिए फ्रीगंज स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचे। उनके साथ पत्नी नीता काश्यप और मुंबई से रतलाम आए पुत्र संगीतकार सिद्धार्थ काश्यप भी मौजूद रहे। सिद्धार्थ मतदान करने के लिए मुंबई से विशेष रूप से रतलाम आए थे। दूसरी तरफ महापौर प्रत्याशी श्री पटेल ने मोहनबाग स्थित केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उनके साथ रहे।