मंडल अध्यक्ष भी रहे साथ, बूथों पर मतदान बढाने के दिए निर्देश


तलाम। नगर पालिक निगम चुनाव के दौरान बुधवार को मतदान के हाल जानने विधायक चेतन्य काश्यप सुबह से शाम तक शहर के विभिन्न वार्डों में पहुंचे। उन्होंने बूथ पर मौजूद कार्यकर्ताओं से चर्चा कर मतदान की जानकारी ली और जिन क्षेत्रों में मतदान कम हुआ, वहां के कार्यकर्ताओं को मतदान बढाने के निर्देश दिए। महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल ने वार्डों में मतदान की जानकारी लेने के साथ-साथ दोपहर में मतदान प्रतिशत बढाने हेतु शहर के बाजार में पैदल भ्रमण भी किया।
श्री काश्यप ने सबसे पहले फ्रीगंज क्षेत्र स्थित केंद्र पर पहुंचे और उसके बाद गांधी नगर, मीराकुटी, इंद्रा नगर, इंद्रलोक नगर, अलकापुरी, नयागांव, 80 फीट रोड, आईटीआई, विरियाखेड़ी, शक्ति नगर, टीआईटी रोड, मित्र निवास रोड, रोटरी हॉल, न्यूरोड, भाम्भी मोहल्ला, मोती नगर, दीनदयाल नगर, तेजा नगर, कसारा बाजार सहित अन्य क्षेत्रों में पहुंचे। इस दौरान उनके साथ क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष मयूर पुरोहित, निलेश गांधी, आदित्य डागा, कृष्ण कुमार सोनी, मंडल प्रभारी विनोद यादव, चुनाव सह संयोजक जयवंत कोठारी आदि मौजूद रहे।
महापौर प्रत्याशी ने सुबह श्री बरबड़ हनुमान मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और गुरू मंदिर पर ध्वजा चढाई। वे बाद में नित्यानंद आश्रम में आयोजित गुरूपूर्णिमा महोत्सव में शामिल हुए और मोहनबाग पहुंचकर मतदान किया। इसके बाद श्री पटेल पटरी पार के क्षेत्रों में विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचे। दोपहर में उन्हे शहरी क्षेत्र से मतदान कम होने की जानकारी मिली जिस पर गणेश देवरी पहुंचकर पैदल ही चांदनी चौक, चौमुखीपुल, कसारा बाजार, गौशाला रोड, दीनदयाल नगर, बाजना बस स्टैंड आदि क्षेत्रों में घूमे। उन्होने मतदाताओं से शहरहित में अधिक से अधिक मतदान करने का आव्हान किया। मतदान संपन्न होने के बाद श्री पटेल ने जेवीएल मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्तागण उनके साथ रहे।